PM इंटर्नशिप योजना के तहत स्टील प्लांट में इंटर्नशिप का मौका ! जाने आवेदन का पूरा प्रोसेस ?
Udaipur Times, Bokaro News : बोकारो के युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास से जुड़ी अच्छी खबर है। बोकारो स्टील प्लांट (BSL) में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तीसरे चरण के तहत 69 युवाओं को इंटर्नशिप का अवसर दिया जा रहा है। चयनित युवाओं को नौ महीने की ट्रेनिंग के दौरान करीब रु9,000 प्रति माह मानदेय मिलेगा। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 15 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
इन तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों में मिलेगा प्रशिक्षण
इंटर्नशिप के तहत युवाओं को तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, फिटर, वेल्डर, टर्नर, मशीनिस्ट, सिविल, इंस्ट्रूमेंटेशन, मेटलर्जी और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
इसके अलावा एचआर, कंप्यूटर ऑपरेशन, प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, हाइड्रोलिक्स और सिरेमिक इंजीनियरिंग सहित अन्य क्षेत्रों में भी प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।
ITI से 12वीं और ग्रेजुएशन तक के युवा कर सकते हैं आवेदन
अलग-अलग ट्रेड के लिए शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है। पात्रता के अनुसार ITI, डिप्लोमा, 12वीं और ग्रेजुएशन कर चुके युवा विभिन्न प्रशिक्षण क्षेत्रों के लिए आवेदन कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले अपने संबंधित ट्रेड की शैक्षणिक योग्यता और पात्रता शर्तों की जांच जरूर करनी चाहिए।
9 महीने की इंटर्नशिप, हर महीने मिलेगा रु9 हजार
चयनित युवाओं को 9 महीने तक उद्योग आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान करीब रु9,000 मासिक मानदेय मिलने का प्रावधान है।
इंटर्नशिप के दौरान युवाओं को स्टील प्लांट की वास्तविक कार्यप्रणाली को करीब से समझने और औद्योगिक वातावरण में काम करने का अनुभव मिलेगा।
किताबी ज्ञान के साथ- साथ मिलेगा प्रैक्टिकल का भी अनुभव
इस योजना का उद्देश्य युवाओं को केवल किताबी शिक्षा तक सीमित न रखते हुए उन्हें उद्योग की वास्तविक परिस्थितियों से परिचित कराना है। प्रशिक्षण के दौरान तकनीकी प्रक्रियाओं, सुरक्षा मानकों, कार्यस्थल के अनुशासन और औद्योगिक जरूरतों को समझने का मौका मिलेगा। इससे युवाओं के तकनीकी कौशल और व्यावहारिक अनुभव में बढ़ोतरी हो सकती है, जो भविष्य में रोजगार हासिल करने में मददगार साबित होगा।
15 नवंबर तक कर सकते हैं आवेदन
बीएसएल की इस इंटर्नशिप के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 15 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को अपने ट्रेड, उम्र, शैक्षणिक योग्यता और अन्य निर्धारित शर्तों की जानकारी जरूर जांच लेनी चाहिए। खास बात यह कि यह इंटर्नशिप युवाओं को देश के बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठान में कामकाज का अनुभव हासिल करने और भविष्य के रोजगार के लिए अपने कौशल को मजबूत करने का अवसर देगी।