प्रदूषण फैला रहे वाहनों की रोकथाम के लिए चलेगा जांच अभियान
जिले में पर्यावरण संतुलन बनाये रखने को लेकर जिला कलक्टर आशुतोष ए.टी. पेडणेकर की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित जिला पर्यावरण समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
जिले में पर्यावरण संतुलन बनाये रखने को लेकर जिला कलक्टर आशुतोष ए.टी. पेडणेकर की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित जिला पर्यावरण समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
जिला कलक्टर ने प्रदूषण नियंत्रण, परिवहन एवं यातायात पुलिस से कहा कि वे जिले में चल रहे अनफिट वाहनों की रोकथाम करने के लिए शीघ्र ही वाहन जांच अभियान चलायें। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान विशेषकर उदयपुर शहर में प्रदूषण फैला रहे ऑटो रिक्शा के फिटनेस आदि की विस्तृत जांच की जाए एवं जांच में असफल रहे वाहनों का पंजीयन रद्द करें।
वायु जांच संयंत्र अन्यत्र स्थापित होंगे
उदयपुर शहर में वायुमंडल में व्याप्त प्रदूषण की जांच के लिए स्थापित जांच संयंत्र अन्यत्र स्थापित करने के निर्देश जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को दिए। अंबामाता एवं यूआईटी में स्थापित जांच संयंत्र अब कलेक्ट्रेट एवं सूरजपोल चौकी पर स्थापित किया जाएगा।
अवैध खनन एवं उमरडा क्षेत्र में अवैध क्रेशर की रोकथाम के लिए उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी को विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। जिला एवं जिले के स्वास्थ्य केन्द्रों में साफ-सफाई कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय के प्रतिनिधि को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
जिले में पॉलीथिन कैरीबेग पर प्रभावी नियंत्रण एवं अमानक पाए जाने वाले पॉलीथिन व्यापारियों एवं थोक विक्रेताओं पर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने नगर निगम आयुक्त हिम्मतसिंह बारहठ से कहा कि, वे शहर में सफाई पर खास ध्यान रखें।
बैठक में वन संरक्षक आई.पी.एस.मथारु, नगर विकास प्रन्यास सचिव डॉ.आर.पी.शर्मा, जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।
