कहीं आपके पर्स में रखा 200 रुपये का नोट नकली तो नहीं ? ऐसे करें असली और नकली नोट की पहचान
Udaipur Times, How to Recognize Real 200 Rupee Note : भारतीय बाजार में नकली नोटों की समस्या समय-समय पर सामने आती रहती है। ऐसे में हर व्यक्ति के लिए यह जानना जरूरी है कि उसके पास मौजूद 200 रुपये का नोट असली है या नकली। RBI ने ग्राहकों को असली नोट की पहचान करने के कुछ तरीके बताए हैं जिनसे ये जान सकते हैं कि आपके पास जो 200 रुपये का नोट है वो असली है या फिर नकली है।
1. नोट को रोशनी के सामने रखें। ऐसा करने पर निर्धारित स्थान पर '200' अंक साफ दिखाई देना चाहिए। यदि यह अंक नजर नहीं आता या धुंधला दिखता है, तो नोट नकली हो सकता है।
2. नोट को आंखों के सामने क्षैतिज (Horizontal) पकड़कर हल्का झुकाएं। निर्धारित बॉक्स में 200 रुपये की छिपी हुई (Latent) इमेज दिखाई देनी चाहिए।
3. नोट को ध्यान से देखें या मैग्निफाइंग ग्लास का इस्तेमाल करें। इसमें बेहद छोटे अक्षरों में 'RBI', 'भारत', 'India' और '200' लिखा होता है। नकली नोटों में यह प्रिंटिंग अक्सर स्पष्ट नहीं होती।
4.नोट के बीच में मौजूद सिक्योरिटी थ्रेड पर 'भारत' और 'RBI' लिखा होता है। नोट को झुकाने पर इस धागे का रंग हरे (Green) से नीला (Blue) हो जाता है।
5. नोट के नीचे दाईं ओर लिखा 200 का अंक भी रंग बदलता है। नोट को अलग-अलग कोण से देखने पर इसका रंग हरे से नीला दिखाई देता है।
6. नोट को रोशनी के सामने रखने पर महात्मा गांधी की तस्वीर और 200 का वॉटरमार्क दिखाई देना चाहिए। यह असली नोट की सबसे अहम पहचान है।
7. महात्मा गांधी की तस्वीर, अशोक स्तंभ और किनारों पर बनी विशेष रेखाओं को उंगली से छूकर महसूस करें। असली नोट में इन हिस्सों पर उभरी हुई (Raised) प्रिंटिंग होती है, जिसे स्पर्श से महसूस किया जा सकता है।
200 के नोट की अन्य खास पहचान
सामने की ओर देवनागरी में २०० अंक छपा होता है।
महात्मा गांधी की तस्वीर बीच में होती है।
दाईं ओर अशोक स्तंभ का प्रतीक बना होता है।
नोट के पीछे सांची स्तूप की तस्वीर दी गई है।
स्वच्छ भारत अभियान का लोगो और स्लोगन मौजूद होता है।
नोट पर प्रिंटिंग का वर्ष (Year of Printing) भी लिखा होता है।
नोट का आकार 66 मिमी × 146 मिमी होता है।
