कैलाशपुरी ग्राम पंचायत के वॉर्ड-7 की वॉर्ड सभा में उठे मुद्दे

"कैलाशपुरी ग्राम पंचायत के करावाड़ी गाँव के विद्यालय व आँगनवाड़ी में पोषाहार अन्य गाँव से लाना पड़ रहा है, जबकि यहाँ रास्ता बन गया है। वहीं, मिनी आँगनवाड़ी होने के बावजूद टीकाकरण के लिए महिलाओं को दूसरे गाँव जाना पड़ रहा है।" - ये मुद्दे आज वॉर्ड सभा में प्रमुखता से उठे।

 | 

कैलाशपुरी ग्राम पंचायत के वॉर्ड-7 की वॉर्ड सभा में उठे मुद्दे

“कैलाशपुरी ग्राम पंचायत के करावाड़ी गाँव के विद्यालय व आँगनवाड़ी में पोषाहार अन्य गाँव से लाना पड़ रहा है, जबकि यहाँ रास्ता बन गया है। वहीं, मिनी आँगनवाड़ी होने के बावजूद टीकाकरण के लिए महिलाओं को दूसरे गाँव जाना पड़ रहा है।” – ये मुद्दे आज वॉर्ड सभा में प्रमुखता से उठे।

बड़गाँव पंचायत समिति की कैलाशपुरी ग्राम पंचायत के वॉर्ड-7 की वॉर्ड सभा करावाड़ी के प्राथमिक विद्यालय में हुई। विद्या भवन स्थानीय स्वशासन एवं उत्तरदायी नागरिकता संस्थान के सहयोग से हुई वॉर्ड सभा में 60 मतदाताओं ने भाग लिया, जिनमें 35 महिलायें थीं। पंच मोतीलाल की अध्यक्षता में तीन घण्टे चली वॉर्ड सभा में 11 प्रस्ताव पारित किए गए।

वॉर्डवासियों ने कहा कि नान्दी फाउण्डेशन की गाड़ी करावाड़ी के विद्यालय का पोषाहार मटाटा में ही उतार देती है, जबकि विद्यालय तक वाहन आने का रास्ता बना हुआ है। इसी प्रकार मिनी आँगनवाड़ी का पोषाहार भी मटाटा तक ही सप्लाई किया जाता है। आवागमन के साधन के अभाव में ए.एन.एम. द्वारा करावाड़ी के लिए नियत टीकाकरण दिवस पर मटाटा बुलाकर ही टीकाकरण किया जाता है। इस कारण कुछ महिलायें टीकाकरण से वंचित रह जाती हैं।

वॉर्ड सभा में विद्यालय व आँगनवाड़ी तक पोषाहार पहुँचाने तथा मिनी आँगनवाड़ी को क्रमोन्नत करने के प्रस्ताव भी लिए गए। अन्य प्रस्तावों में प्राथमिक विद्यालय की चारदीवारी बनाने तथा निकट ही पनघट लगाने, हेलाघाटी में सामुदायिक भवन बनाने, मुख्य सड़क से करावाड़ी तक सी.सी. रोड बनाने व हैण्डपम्प लगाने के प्रस्ताव भी शामिल हैं।

वॉर्ड सभा में शाला प्रधान भागवन्ती देवी, आँगनवाड़ी कार्यकर्ता सोहनी देवी, संस्थान के संयुक्त निदेशक हेमराज भाटी, क्षेत्रीय समन्वयक मणिलाल तेजोत व पंचायत मित्र गोपाल शर्मा ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। अन्त में प्रस्ताव पढ़कर सुनाए गए, जिन्हें सर्वसम्मति से पारित करते हुए वॉर्डवासियों ने हस्ताक्षर किए।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News