यहां लगेगा देश का सबसे बड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग हब ! हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार

 | 
यहां लगेगा देश का सबसे बड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग हब ! हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार 

Udaipur Times, First electronics park opened in Greater Noida : उत्तर प्रदेश का जेवर आने वाले सालों में देश के सबसे बड़े इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभर सकता है। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना सिटी, जेवर में करीब 6,750 करोड़ रुपये की दो बड़ी इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण परियोजनाओं की आधारशिला रखी है। इन परियोजनाओं से लगभग 3,000 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

दो मेगा प्रोजेक्ट से बदलेगी जेवर की तस्वीर

इन परियोजनाओं में करीब 3,250 करोड़ रुपये का निवेश एडवांस मल्टी-लेयर और हाई-डेंसिटी प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB) निर्माण इकाई में किया जाएगा, जबकि 3,500 करोड़ रुपये की दूसरी परियोजना में HVAC कंपोनेंट्स और PCB असेंबली का निर्माण होगा।

40 हजार करोड़ के आयात पर लगेगी रोक

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत हर साल लगभग 40 हजार करोड़ रुपये के प्रिंटेड सर्किट बोर्ड आयात करता है। अब इनका उत्पादन देश में ही होने से विदेशी आयात पर निर्भरता कम होगी और 'मेक इन इंडिया' तथा 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान को नई ताकत मिलेगी।

'नॉर्थ इंडिया की सिलिकॉन वैली' बनेगा जेवर

वैष्णव ने कहा कि सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम विकसित होने के बाद अब जेवर इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग का भी बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में यहां कई नई इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियां निवेश करेंगी और जेवर उत्तर भारत की 'सिलिकॉन वैली' के रूप में पहचान बनाएगा।

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हाल ही में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट का शिलान्यास किया गया था और अब इलेक्ट्रॉनिक पार्क के लॉन्च के साथ राज्य हाई-टेक इंडस्ट्रीज के एक नए युग में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट भविष्य की वैश्विक अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उत्तर प्रदेश इस क्षेत्र में तेजी से अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।

भारत को इलेक्ट्रॉनिक एक्सपोर्ट हब बनाने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का उद्देश्य केवल देश की जरूरतों को पूरा करना नहीं है, बल्कि भारत को इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स का वैश्विक निर्यातक बनाना भी है। नई औद्योगिक नीति और सिंगल-विंडो सिस्टम निवेशकों को बेहतर माहौल उपलब्ध करा रहे हैं, जिसके कारण बड़ी कंपनियां उत्तर प्रदेश की ओर आकर्षित हो रही हैं।

पिछड़े इलाके से विकास के प्रतीक तक पहुंचा जेवर

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो जेवर क्षेत्र कभी पिछड़ेपन के लिए जाना जाता था, वह अब विकास का नया केंद्र बन रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण तेजी से चल रहा है और जल्द ही वहां से व्यावसायिक उड़ानें शुरू हो जाएंगी। इससे पूरे क्षेत्र को औद्योगिक और लॉजिस्टिक क्षेत्र में बड़ा फायदा मिलेगा।

ग्रेटर नोएडा बन रहा इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग हब

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश में मोबाइल फोन निर्माण का बड़ा केंद्र बन चुका है और ग्रेटर नोएडा तेजी से इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स के उत्पादन का प्रमुख हब बन रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के निवेश से प्रदेश को नई औद्योगिक पहचान मिलेगी, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और 'आत्मनिर्भर भारत' का सपना मजबूत होगा।

दक्षिण कोरियाई कंपनियों का बढ़ रहा भरोसा

योगी आदित्यनाथ ने भारत और दक्षिण कोरिया के पुराने सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कोरियाई कंपनियों का बढ़ता निवेश दोनों देशों के मजबूत रिश्तों का प्रमाण है। इससे राज्य में आधुनिक तकनीक और नए उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।

एयरपोर्ट और बुलेट ट्रेन से मिलेगा बड़ा फायदा

जेवर में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और प्रस्तावित दिल्ली-लखनऊ-वाराणसी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर इस क्षेत्र को निवेश के लिए और आकर्षक बनाएंगे। सरकार का मानना है कि विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी और मजबूत औद्योगिक ढांचा जेवर को देश के प्रमुख निवेश केंद्रों में शामिल कर देगा।

206 एकड़ में विकसित हो रहा इलेक्ट्रॉनिक्स क्लस्टर

यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में 206 एकड़ में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (EMC) विकसित किया जा रहा है, जिस पर करीब 417 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यह क्लस्टर उत्तर प्रदेश को इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News