3 घंटे नहीं अब लगेंगे सिर्फ 35 मिनट ! आज खुलेगा देश का हाईटेक एक्सप्रेसवे, जानें क्या होगी टोल दर ?
Udaipur Times, Lucknow-Kanpur Expressway: लखनऊ और कानपुर के बीच सफर करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। 63 किलोमीटर लंबे लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 13 जुलाई को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ मिलकर करेंगे। आम लोगों के लिए एक्सप्रेसवे को 14 जुलाई से खोल दिया जाएगा।
करीब 4,700 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस छह लेन (भविष्य में 8 लेन तक विस्तार योग्य) एक्सप्रेसवे का निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने किया है।
2-3 घंटे नहीं, अब सिर्फ 45 मिनट का सफर
अभी लखनऊ से कानपुर पहुंचने में ट्रैफिक के कारण 2 से 3 घंटे तक लग जाते हैं। लेकिन एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद यह दूरी सिर्फ 35 से 45 मिनट में तय की जा सकेगी। इससे दोनों शहरों के बीच यात्रा तेज और सुविधाजनक हो जाएगी।
भारत का पहला बैरियर-फ्री एक्सप्रेसवे
यह देश का पहला ऐसा एक्सप्रेसवे होगा, जहां बैरियर-फ्री टोल सिस्टम लागू किया गया है। लखनऊ की ओर से प्रवेश करने वाले वाहनों का टोल ANPR (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) कैमरों और FASTag रीडर की मदद से बिना रुके स्वतः कट जाएगा।
हालांकि, कानपुर और अन्य इंटरचेंज से आने वाले वाहनों के लिए फिलहाल पारंपरिक टोल प्लाजा की व्यवस्था रहेगी।
AI कैमरे करेंगे हर गतिविधि पर नजर
एक्सप्रेसवे पर आधुनिक इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) लगाया गया है। इसमें AI आधारित कैमरे, स्पीड रडार, इमरजेंसी कॉल बॉक्स, दुर्घटना पहचान प्रणाली और डिजिटल सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। किसी भी हादसे की स्थिति में कंट्रोल रूम को तुरंत अलर्ट मिल जाएगा।
18 किलोमीटर एलिवेटेड रोड
इस एक्सप्रेसवे का करीब 18 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड बनाया गया है, जिससे अमौसी, सरोजिनीनगर और NH-27 पर ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। वहीं लगभग 45 किलोमीटर हिस्सा ग्रीनफील्ड कॉरिडोर के रूप में विकसित किया गया है।
छह इंटरचेंज से मिलेगी एंट्री-एग्जिट
एक्सप्रेसवे पर कुल 6 इंटरचेंज बनाए गए हैं। लखनऊ में मुख्य टोल प्लाजा, बनी और हरौनी, उन्नाव में अजगैन और अमरसास तथा कानपुर में आजाद चौक के पास मुख्य टोल प्लाजा पर एंट्री और एग्जिट की सुविधा मिलेगी।
आउटर रिंग रोड से सीधा कनेक्शन
एक्सप्रेसवे को लखनऊ आउटर रिंग रोड से जोड़ा गया है। इससे कानपुर से आने वाले वाहन बिना शहर में प्रवेश किए सीधे रायबरेली, सीतापुर, हरदोई और सुल्तानपुर की ओर जा सकेंगे।
कार का टोल 275 रुपये
पूरे 63 किलोमीटर का सफर करने कार, जीप, एसयूवी : 275 रुपये (एक तरफ), 415 रुपये (24 घंटे के अंदर वापसी), हल्की कमर्शियल वाहन: 445 रुपये (एक तरफ), 670 रुपये (वापसी), बस और ट्रक: 935 रुपये (एक तरफ), 1405 रुपये (वापसी), भारी वाहन : 1020 रुपये (एक तरफ), 1530 रुपये (वापसी) के लिए टोल टैक्स के रूप में चुकाने होंगे।
