जगदीश चौक बालिका विद्यालय का द्वितीय चरण में जीर्णोद्धार संपन्न
यहां जगदीश चौक स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक बालिका विद्यालय के पुराने भवन का जीर्णोद्धार कर रहे महाराणा मेवाड़ चेरिटेबल फाउण

यहां जगदीश चौक स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक बालिका विद्यालय के पुराने भवन का जीर्णोद्धार कर रहे महाराणा मेवाड़ चेरिटेबल फाउण्डेशन, उदयपुर ने विद्यालय के द्वितीय चरण का जीर्णोद्धार पूर्ण कर लिया है। इसके तहत विद्यालय के बड़े हॉल, चार कक्षा कक्ष तथा दो प्रयोगशालाओं का जीर्णोद्धार किया गया।
महाराणा मेवाड़ चेरिटेबल फाउण्डेशन के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी भूपेन्द्र सिंह आउवा ने बताया कि 150 वर्ष पूर्व मेवाड़ शासकों द्वारा स्थापित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, जगदीश चौक, उदयपुर (शंभूरत्न पाठशाला) के भवन का विरासत एवं ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए फाउण्डेशन ने इसका जीर्णोद्धार शुरू किया था। जीर्णोद्धार के प्रथम चरण में विद्यालय के बाहरी भाग के रखरखाव पर करीबन 33 लाख रूपए खर्च किए थे।
फाउण्डेशन के इस कार्य हेतु गत दिनों शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह 2015 में राज्य के राज्यपाल, शिक्षा मंत्री एवं पंचायती राज मंत्री द्वारा राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान प्रदान किया गया था। कुछ समय पूर्व ही फाउण्डेशन ने विद्यालय के द्वितीय चरण का जीर्णोद्धार प्रारंभ किया। इसके तहत हॉल, कक्षा-कक्ष, एवं प्रयोगशाला पर करीबन 29 लाख रूपए व्यय किए गए। आउवा ने बताया कि फाउण्डेशन द्वारा यह कार्य उनकी महत्ती कार्ययोजना ‘उदयपुर में शिक्षा’ के तहत किया गया है। स्कूल प्रशासन ने समस्त बालिकाओं की ओर से फाउण्डेशन के इस पुनीत कार्य पर आभार व्यक्त किया है।
