उदयपुर में 10 अगस्त को जेल भरो आंदोलन, माकपा ने किया देशव्यापी अभियान का समर्थन
Udaipur Times, Udaipur News: 13 जुलाई 2026। अखिल भारतीय किसान सभा, भारतीय ट्रेड यूनियन केंद्र(सीटू) और खेत मजदूर यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में मजदूर किसानों की मांगों को लेकर 10 अगस्त को आयोजित होने वाले देशव्यापी जेल भरो आंदोलन को माकपा ने पूर्ण समर्थन दिया है।
माकपा जिला सचिव राजेश सिंघवी ने बताया कि माकपा के वरिष्ठ नेता दल्लाराम के अध्यक्षता में शिराली भवन में जिला कमेटी की बैठक में जिला पर्यवेक्षक दुलीचंद मीणा ने कहा कि मोदी सरकार के रहते देश के मजदूर किसान और आम जनता का जीवन भारी मुश्किलों में आ गया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार निरंकुश, तानाशाह और संवेदनहीन है जिसके शासन में हर वर्ग दुखी है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर चंदा चोरी से देश की आम जनता अपने आप को ठगा महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि आम जनता के लिए माकपा एक उम्मीद है, ऐसे में माकपा कार्यकर्ताओं को जनता के मुद्दों पर जन संघर्ष को मजबूत करना होगा।
बैठक में जिला सचिव राजेश सिंघवी ने पिछली बैठक के बाद हुई पार्टी और जन संगठनो की गतिविधियों की रिपोर्ट पेश की। बैठक में 10 अगस्त को गोगुंदा, झाडोल ,कोटडा के उप जिला कलेक्टर कार्यालय पर वन अधिकार के दावे पेश कर वन अधिकार के पट्टे और अन्य मुद्दों को लेकर जेल भरो आंदोलन किया जाएगा और उदयपुर शहर में पथ विक्रेताओं की बेदखली रोक उनका पुनर्वास करने, कच्ची बस्ती वासियों को पट्टे देने, ऑनलाइन चालान के नाम पर लूट को बंद करने और पेट्रोल में एथेनॉल मिला देश की जनता के वाहनों को बर्बाद करने के विरोध में जेल भरो आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में जगदीश पारगी, प्रभु लाल भगोरा, प्रेम पारगी, हाकरचंद खराड़ी, बाबूलाल वडेरा, हीरालाल सालवी, गणपति देवी, देवाराम, श्रवण आदि मौजूद थे।
