जयपुर मेट्रो बनेगी शहर की नई लाइफलाइन, फेज-2 के काम की शुरुआत
Udaipur Times, Jaipur Metro Phase 2: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को सीतापुरा स्थित मेट्रो डिपो में जयपुर मेट्रो फेज-2 का विधिवत भूमि पूजन एवं शिला पूजन किया। साथ ही, उन्होंने पाइलिंग रिंग मशीन का पूजन कर पाइलिंग कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने लगभग 41 किमी लम्बे मेट्रो फेज-2 के माॅडल का भी अवलोकन किया। Jaipur Metro Phase 2
मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जयपुर में मेट्रो विस्तार बेहद जरूरी था, इसलिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्चुअल शिलान्यास के बाद 18 दिनों में ही सिविल कार्य की शुरूआत हो गई है। जल्द ही शहरवासियों को सुगम आवागमन के लिए बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। यह मेट्रो जयपुर की लाइफलाइन भी बनेगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुरूप फेज-3 और फेज-4 का काम भी प्रारंभ किया जाएगा। Jaipur Metro Phase 2
उल्लेखनीय है कि जयपुर मेट्रो फेज-2 के अन्तर्गत प्रहलादपुरा से टोडी मोड तक उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। यह काॅरिडोर सीतापुरा से लेकर वीकेआईए तक के औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों को जोड़ते हुए जयपुर की जीवनरेखा के रूप में कार्य करेगा। इस कॉरिडोर की कुल लागत 13 हजार 37 करोड़ रूपये से अधिक है। Jaipur Metro Phase 2
यह फेज-2 कॉरिडोर सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया, वीकेआईए, जयपुर एयरपोर्ट, टोंक रोड, एसएमएस अस्पताल और स्टेडियम, कलेक्ट्रेट, रेलवे स्टेशन, अंबाबाड़ी तथा विद्याधर नगर जैसे प्रमुख क्षेत्रों को निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। इस परियोजना में एयरपोर्ट क्षेत्र में भूमिगत स्टेशन भी शामिल होगा, जिससे शहर में एकीकृत और निरंतर मेट्रो नेटवर्क सुनिश्चित होगा। परियोजना के फेज-2 के पहले पैकेज में 918 करोड़ से अधिक की लागत के कार्यों के लिए एलओए (स्वीकृति पत्र) जारी भी हो चुका है। Jaipur Metro Phase 2
कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, स्वायत्त शासन एवं नगरीय विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा, विधायक कैलाश चन्द वर्मा, गोपाल शर्मा, बालमुकुन्दाचार्य, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, आरएमआरसीएल एमडी वैभव गालरिया सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
