जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश लेने के लिए आवेदन शुरू, 31 जुलाई से पहले भरे फार्म

 | 
जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश लेने के लिए आवेदन शुरू, 31 जुलाई से पहले भरे फार्म 

Udaipur Times, Haryana News, झज्जर : नवोदय विद्यालय समिति द्वारा कक्षा छह में प्रवेश के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (जेएनवीएसटी)-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई, 2026 निर्धारित की गई है, जबकि चयन परीक्षा का आयोजन 28 नवंबर, 2026 को किया जाएगा।

सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि जिला के सभी राजकीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं मुख्याध्यापकों के माध्यम से पात्र विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 के संबंध में व्यापक जानकारी उपलब्ध करवाई जाए तथा ऑनलाइन पंजीकरण के लिए आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विद्यार्थियों को जवाहर नवोदय विद्यालयों में उपलब्ध निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा तथा आधुनिक सुविधाओं के बारे में भी जागरूक किया जाए।

उन्होंने बताया कि विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक इस जानकारी को प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाए। विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज एवं परीक्षा तिथि संबंधी जानकारी समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक योग्य विद्यार्थी ऑनलाइन पंजीकरण कर सकें।

उन्होंने बताया कि कक्षा छह जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट www.navodaya.gov.in तथा ऑनलाइन पोर्टल https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs/ के माध्यम से किए जा सकते हैं। पात्र विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक अंतिम तिथि से पहले अपना ऑनलाइन आवेदन अवश्य करें।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News