हरियाणा में बिजली विभाग का जेई गिरफ्तार, 24 हजार रुपये की रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा

 | 
हरियाणा में बिजली विभाग का जेई गिरफ्तार, 24 हजार रुपये की रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा 

Udaipur Times, चंडीगढ़ 17 नवंबर : हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एवं एसीबी) ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) को 24 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दीपक, जूनियर इंजीनियर, बिजली निगम, सांजरवास, जिला भिवानी के रूप में हुई है।

नया बिजली मीटर कनेक्शन लगाने के बदले मांगी थी रिश्वत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव कायला निवासी शिकायतकर्ता ने एसवी एवं एसीबी को शिकायत दी थी कि बिजली निगम में तैनात जूनियर इंजीनियर दीपक उससे नया बिजली मीटर कनेक्शन लगवाने की एवज में 24 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के आधार पर 17 नवंबर 2026 को थाना एसवी एवं एसीबी, हिसार में आरोपी के खिलाफ एफआईआर नंबर 48, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया।

24 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए आरोपी गिरफ्तार

शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसवी एवं एसीबी यूनिट भिवानी की टीम ने इंस्पेक्टर योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। ट्रैप कार्रवाई के दौरान आरोपी जेई दीपक को शिकायतकर्ता से 24 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

‘सतर्क हरियाणा’ ऐप और हेल्पलाइन के माध्यम से दें भ्रष्टाचार की सूचना

एसवी एवं एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत ब्यूरो को दें। नागरिक ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। 

यह ऐप एप्पल ऐप स्टोर और गूगल प्ले स्टोर दोनों पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त, टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064, 1800-180-2022 तथा व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। शिकायतकर्ताओं की गोपनीयता को विशेष महत्व दिया जाएगा। आमजन से अपील है कि बिना किसी भय या संकोच के भ्रष्टाचार की सूचना दें और प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News