हरियाणा में पंचायती राज के JE, SDO व XEN की 7 को हड़ताल, जाने वजह ?
Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रदेश में सफाई कर्मचारियों, पटवारियों के बाद अब पंचायती राज विभाग के जेई, एसडीओ व एक्सईएन हड़ताल पर जाने की तैयारी में हैं।
बुधवार को रोहतक में हरियाणा पंचायती राज इंजीनियर्स एसोसिएशन की हुई बैठक में फैसला लिया कि सरकार द्वारा पंचायती राज इंजीनियरिंग विंग के प्रस्तावित रेशनललाइजेशन और पुनर्गठन के विरोध में प्रदेश भर के इंजीनियर्स 7 सितंबर को पेन डाउन हड़ताल पर रहेंगे। इसके बाद 8 से 10 सितंबर तक सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेंगे। यदि सरकार ने इसके बाद भी एसोसिएशन की मांगें नहीं मानी तो फिर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा सकते हैं। इसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी।
एसोसिएशन के राज्य प्रधान महेंद्र सिंह यादव और वरिष्ठ महासचिव विनोद मलिक ने बताया कि पूरे प्रदेश के इंजीनियरों में सरकार की इस प्रस्तावित योजना को लेकर भारी आक्रोश है। इससे पहले सभी ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया।
विरोध की ये 4 प्रमुख वजह
सरकार एसडीई और जेई को कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) के तकनीकी और प्रशासनिक नियंत्रण से हटाकर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) के अधीन करने की योजना बना रही है। जिसका कड़ा विरोध किया जा रहा है।
सरकार द्वारा उच्च स्तरीय तकनीकी पदों (एसई और चीफ इंजीनियर) को खत्म करने और इसके साथ ही 130 कनिष्ठ अभियंता (जेई) के पदों में भारी कटौती करने कर प्रस्ताव है।
कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) के कार्यालय से आहरण एवं संवितरण शक्तियों (डीडीओ पॉवर) को प्रस्तावित संरचना से हटाने के प्रस्ताव पर आपत्ति है।
वर्तमान में कार्यरत सतर्कता एवं गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था को नए प्रस्तावित ढांचे से पूरी तरह हटाने की तैयारी है। जिससे तकनीकी सुझावों की अनदेखी और गुणवत्ता प्रभावित होने की चिंता है।