जेवर एयरपोर्ट पहुंचना होगा सुपरफास्ट, 31 किमी का नया हाई-स्पीड कॉरिडोर मंजूर
Udaipur Times, Faridabad to Jewar Airport : देश के सबसे बड़े उभरते हवाई अड्डों में शामिल नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) की कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ी परियोजना को मंजूरी दी है। केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति (CCEA) ने 3630 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए सड़क कॉरिडोर को हरी झंडी मिल चुकी है। इस फैसले की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी।
31.42 किलोमीटर लंबा हाई-स्पीड कॉरिडोर बनेगा
मंजूर की गई परियोजना के तहत 31.42 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड रोड कॉरिडोर बनाया जाएगा। यह सड़क दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के दिल्ली-फरीदाबाद-बल्लभगढ़-सोहना स्पर को सीधे जेवर एयरपोर्ट से जोड़ेगी। परियोजना का निर्माण हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल (HAM) के तहत उत्तर प्रदेश और हरियाणा के हिस्सों में किया जाएगा।
11 किलोमीटर का एलिवेटेड हाईवे भी होगा शामिल
पूरे कॉरिडोर में करीब 11 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड हाईवे भी बनाया जाएगा। यह हिस्सा डीएनडी-बल्लभगढ़ बाइपास और जेवर एयरपोर्ट के बीच होगा। इस एलिवेटेड सेक्शन की अनुमानित लागत करीब 689 करोड़ रुपये है, जिसमें हरियाणा सरकार लगभग 450 करोड़ रुपये का योगदान देगी। फरीदाबाद मास्टर प्लान-2031 के तहत इस क्षेत्र को उच्च घनत्व वाले शहरी विकास क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया गया है। इसी वजह से सड़क को एलिवेटेड बनाया जा रहा है, ताकि भविष्य में शहरी विस्तार और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में कोई बाधा न आए।
कई बड़े परिवहन नेटवर्क से मिलेगा सीधा कनेक्शन
यह नया कॉरिडोर सिर्फ दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कई अहम परिवहन नेटवर्क से भी जुड़ेगा। इनमें शामिल Eastern Peripheral Expressway, Yamuna Expressway और Dedicated Freight Corridor Corporation of India हैं। इन कनेक्शनों से यात्रियों के साथ-साथ माल ढुलाई को भी बड़ी सुविधा मिलेगी और पूरे एनसीआर क्षेत्र में यातायात अधिक सुगम होगा।
रियल एस्टेट सेक्टर को भी मिलेगा फायदा
विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना का सबसे ज्यादा लाभ फरीदाबाद, गुरुग्राम और दक्षिण दिल्ली के निवासियों और कारोबारियों को मिलेगा। साथ ही दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के आसपास आर्थिक गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है, जिससे रियल एस्टेट बाजार को भी मजबूती मिलेगी।
जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचना होगा आसान
इस नई सड़क परियोजना के पूरा होने के बाद जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचना पहले के मुकाबले कहीं अधिक आसान और तेज हो जाएगा, जिससे पूरे एनसीआर की कनेक्टिविटी को बड़ा फायदा मिलेगा।
