हरियाणा में झज्जर-फर्रुखनगर मार्ग होगा चकाचक ! सरकार ने 64 करोड़ किए मंजूर

 | 
हरियाणा में झज्जर-फर्रुखनगर मार्ग होगा चकाचक ! सरकार ने 64 करोड़ किए मंजूर 

Udaipur Times, Haryana News, झज्जर : जिला झज्जर में सड़क आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हरियाणा सरकार ने झज्जर-फर्रुखनगर मार्ग (एसएच-15ए) के फोरलेन सुधार कार्य के लिए 64 करोड़ 49 लाख 75 हजार रुपये की प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की है। यह जानकारी डीसी वर्षा खांगवाल ने दी। उन्होंने बताया कि यह कार्य झज्जर जिला की सीमा में 21.300 किलोमीटर तक के हिस्से पर किया जाएगा।

डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि प्रशासनिक स्वीकृति के तहत रोड आईडी 6520 के अंतर्गत आने वाले झज्जर-फर्रुखनगर मार्ग को फोरलेन करने एवं सुधारने का कार्य किया जाएगा। इस परियोजना से मार्ग की यातायात क्षमता बढ़ने के साथ-साथ क्षेत्र में आवागमन को और सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

बेहतर सड़क ढांचा क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी

डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि बेहतर सड़क ढांचा क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है। झज्जर-फर्रुखनगर मार्ग के सुधार एवं फोरलेनिंग से आवागमन सुविधाओं में विस्तार होगा और क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि जिले में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने से जुड़ी परियोजनाओं को निर्धारित मानकों एवं समयबद्ध प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाया जा रहा है।

डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि इस सड़क का मजबूतीकरण और नवीनीकरण होने से न केवल गुरुग्राम जाने वाले वाहन चालकों को फायदा मिलेगा, साथ ही समय की भी बचत होगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News