हरियाणा में 18 जुलाई को यहां लगेगा रोजगार मेला, युवाओं को मिलेगी सीधी नौकरी

 | 
हरियाणा में 18 जुलाई को यहां लगेगा रोजगार मेला, युवाओं को मिलेगी सीधी नौकरी  

Udaipur Times, Haryana News, हिसार : जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मॉडल रोजगार कार्यालय एवं गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय हिसार के संयुक्त तत्वावधान में 18 जुलाई 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला प्रात: 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय हिसार के सावित्रीबाई फुले ब्लॉक में आयोजित किया जाएगा।

यह जानकारी देते हुए अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने बताया कि रोजगार मेले में 35 से 40 प्रतिष्ठित निजी कंपनियां एवं संस्थान भाग लेंगे और विभिन्न पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में सर्वेश हॉस्पिटल, जिंदल हॉस्पिटल, आईईसीएस कंप्यूटर एजुकेशन, एलन करियर इंस्टीट्यूट हिसार, एनआईआईटी लिमिटेड, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, भारतीय जीवन बीमा निगम, मलिक टोयोटा, टाटा टेलमोस, हिसार हुंडई, टीसीआई, वाईबीके इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड तथा जिंदल स्टेनलेस हिसार प्राइवेट लिमिटेड सहित विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां एवं संस्थान भाग लेंगे।

रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, बीटेक, एमबीबीएस, जीएनएम तथा नर्सिंग सहित विभिन्न शैक्षणिक योग्यताओं वाले अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। कंपनियों द्वारा हाउसकीपिंग स्टाफ, मेडिकल ऑफिसर, जीएनएम, नर्सिंग स्टाफ, ओटी टेक्नीशियन, कंप्यूटर टीचर, एआई ट्रेनर, काउंसलर, ऑफिस स्टाफ, असिस्टेंट मैनेजर, रिलेशनशिप मैनेजर, फाइनेंशियल एडवाइजर, मैकेनिक, इलेक्ट्रिशियन, टेक्नीशियन, सेल्स मैनेजर, लैब असिस्टेंट, प्रोसेस इंजीनियर, हेल्पर सहित अनेक पदों पर भर्ती की जाएगी।

इस संबंध में मंडल रोजगार अधिकारी ऋतु जांगड़ा ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की मूल एवं छायाप्रतियां, आधार कार्ड, 3-4 बायोडाटा तथा पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लेकर समय पर रोजगार मेले में पहुंचें। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी रोजगार मेले के लिए उपलब्ध क्यूआर कोड को स्कैन कर ऑनलाइन पंजीकरण भी कर सकते हैं, जिससे चयन प्रक्रिया अधिक सुगम एवं त्वरित होगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News