Udaipur Times, Haryana News, गुरुग्राम : कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग, हरियाणा के निर्देशानुसार राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), गुरुग्राम द्वारा हरियाणा की सभी राजकीय एवं निजी आईटीआई के पासआउट तथा इच्छुक युवाओं के लिए 6 अक्टूबर को जॉब एवं अप्रेंटिस मेला आयोजित किया जाएगा। मेले का आयोजन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गुरुग्राम में किया जाएगा।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गुरुग्राम के प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार ने बताया कि मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं को उनकी योग्यता एवं ट्रेड के अनुरूप रोजगार तथा अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे। मेले में विभिन्न ट्रेडों के लिए लगभग 455 रिक्तियां उपलब्ध हैं। मेले में विभिन्न क्षेत्रों की नामी कंपनियां भाग लेंगी।
उन्होंने बताया कि यह जॉब एवं अप्रेंटिस मेला आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने 2023, 2024, 2025 एवं 2026 के आईटीआई पासआउट युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में मेले में भाग लेकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता से संबंधित आवश्यक मूल दस्तावेज एवं प्रमाण-पत्र साथ लेकर आने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने युवाओं से अपील की कि वे निर्धारित तिथि पर समय से पहुंचकर विभिन्न कंपनियों में रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसरों का लाभ उठाएं।