हरियाणा में हर महीने लगेंगे रोजगार मेले, युवाओं के लिए खोले जाएंगे नए स्किल सेंटर

 | 

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़, 20 मई - हरियाणा के खेल, युवा सशक्तिकरण और उद्यमिता राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य के ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए उन्होंने रोजगार विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर महीने नियमित रूप से रोजगार मेले आयोजित किए जाएं, ताकि युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार काम मिल सके।

मंत्री आज पंचकूला में कौशल भवन हरियाणा कौशल रोजगार निगम, रोजगार विभाग, हरियाणा कौशल विकास मिशन (एचएसडीएम) और पलवल के दुधौला स्थित श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय  के अधिकारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

उन्होंने अधिकारिय़ों को निर्देश दिए कि श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में आर्टिफिशयल इंटेलीजेंस एव गैर परंपरागत ऊर्जा स्त्रोत के कोर्स शीघ्र शुरू किए जाएं।

समय पर पूरा हो बजट रोडमैप

बैठक के दौरान राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री द्वारा बजट 2024-25, 2025-26, 2026-27 में की गई घोषणाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का त्रिमासिक  खर्च समय पर सुनिश्चित किया जाए ताकि अलॉट हुआ बजट लैप्स न हो। बजट उपयोग में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

नए स्किल सेंटर खोले जाएं और यूथ क्लबों का किया जाए गठन

मंत्री ने कहा कि प्रदेश की सभी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के भवनों का बेहतर रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए। युवाओं को आधुनिक तकनीकों से रूबरू कराने के लिए आईटीआई की मशीनों को अपग्रेड किया जाए और नए स्किल सेंटर खोले जाएं।

 उन्होंने अधिकारियों को सामाजिक भागीदारी बढ़ाने के लिए राज्य में ज्यादा से ज्यादा 'यूथ क्लब' बनाने के निर्देश दिए। इन क्लबों के माध्यम से युवाओं को संगठित किया जाएगा ताकि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें। 

विकास कार्यों की होगी दोबारा समीक्षा

मंत्री श्री गौरव गौतम ने केंद्र सरकार की 'पीएम सेतु योजना' को पूरी तल्लीनता और गंभीरता के साथ धरातल पर उतारने की बात कही। उन्होंने साफ किया कि सभी विभागों को अपनी योजनाओं को समय सीमा के भीतर ही सिरे चढ़ाना होगा। वे स्वयं कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए ठीक 45 दिन बाद दोबारा समीक्षा बैठक करेंगे, जिसमें सभी परियोजनाओं की ग्राउंड रिपोर्ट देखी जाएगी।

बैठक में युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी श्री राजीव रंजन, हरियाणा कौशल विकस मिशन के प्रबंध निदेशक श्री राजेश गोयल, कौशल निगम एवं औद्योगिक प्रशिक्षण के निदेशक श्री सितेंद्र दूहन व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News