हरियाणा में HSVP का जूनियर इंजीनियर गिरफ्तार, 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा

 | 
हरियाणा में HSVP का जूनियर इंजीनियर गिरफ्तार, 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा 

गुरुग्राम, 13 नवंबर : हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एवं एसीबी) ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी), फरीदाबाद में तैनात जूनियर इंजीनियर (जेई) सुरेंद्र कुमार को 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध एफआईआर नंबर 27, दिनांक 13.11.2026, धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम एवं धारा 308(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत थाना एसवी एवं एसीबी, गुरुग्राम में मामला दर्ज किया गया है।

10.50 करोड़ रुपये के टेंडर के कार्य से जुड़ा है मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता की फर्म को एचएसवीपी, फरीदाबाद द्वारा सेक्टर 76 और 78 में भूमिगत बिजली की केबल बिछाने का 10.50 करोड़ रुपये का टेंडर आवंटित किया गया था। इस कार्य के तहत 3.46 करोड़ रुपये की राशि जारी होने के बाद आरोपी जूनियर इंजीनियर सुरेंद्र कुमार ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता से 2 प्रतिशत कमीशन के रूप में 7 लाख रुपये की मांग की।

3 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए आरोपी गिरफ्तार

शिकायत के आधार पर एसवी एवं एसीबी, गुरुग्राम की टीम ने कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और आरोपी सुरेंद्र कुमार को शिकायतकर्ता से 3 लाख रुपये की रिश्वत की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 13 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया।यह ट्रैप कार्रवाई इंस्पेक्टर जयपाल सिंह के नेतृत्व में की गई। इस दौरान राजपत्रित अधिकारी के रूप में श्री ऋषभ, सहायक अभियंता (एईई), हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी), गुरुग्राम उपस्थित रहे। ट्रैप की पूरी प्रक्रिया भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 105 के प्रावधानों के अनुसार पूरी की गई।

भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई जारी

हरियाणा एसवी एवं एसीबी भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार कार्रवाई कर रही है। ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत ब्यूरो को दें। नागरिक ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से या टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064, 1800-180-2022 तथा व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News