धूमधाम से मनाया भगवान पाश्र्वनाथ का जन्म कल्याणक महोत्सव
जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक संघ एवं जैन श्वेताम्बर महासभा के संयुक्त तत्वावधान में आज भगवान पाश्र्वनाथ का जन्म कल्याणक महोत्सव धूमधाम से मनाया गया।
जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक संघ एवं जैन श्वेताम्बर महासभा के संयुक्त तत्वावधान में आज भगवान पाश्र्वनाथ का जन्म कल्याणक महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। महासभा एवं संघ के मंत्री कुलदीप नाहर ने बताया कि भगवान पाश्र्वनाथ का जन्म कल्याणक महोत्सव का मुख्य आयोजन सविना पाश्र्वनाथ पर आयोजित हुआ। सुबह से ही भगवान के दर्शन करने वालों की रेलमपेल रही। तत्पश्चात भगवान को चांदी के डंके एवं कोर की आकर्षक आंगी धराई गई। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद दोपहर ढाई बजे से कृषिज उपज मंडी प्रांगण में स्वामी वात्सल्य का आयोजन हुआ। स्वामी वात्सल्य का शुभारम्भ समाजसेवी कालूलाल जैन द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया।
इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों को पगडी पहनाकर सविना क्षेत्र के वाशिंदों ने अभिनंदन किया। अभिनंदन होने वालों में संघ के अध्यक्ष गौतम बी. मुर्डिया, महासभा अध्यक्ष तेज सिंह बोल्या, कार्यक्रम संयोजक किरणमल सावनसुखा, मंत्री कुलदीप नाहर एवं अन्य पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। इसके पश्चात समाज के पांच हजार से अधिक लोगों ने स्वामीवात्सल्य का लाभ लिया। शाम को 6.40 बजे 108 दीपक से भगवान पाश्र्वनाथ की आरती की गई।
भव्य समारोह को सम्पन्न कराने में चतरलाल पामेचा, दलपत दोशी, राजकुमार गन्ना, राजेंद्र पंजाबी, संजय खाब्या, अंकुर मुर्डिया, नरेंद्र चौधरी, भूपाल सिंह दलाल, धनरूपमल मेहता, लोकेश कोठारी, रविप्रकाश देरासरिया आदि का सहयोग रहा। इसके अलावा शस्त्रफणा पाश्र्वनाथ, चंदाप्रभु पाश्र्वनाथ, घोड़ी पाश्र्वनाथ एवं कसोटी पाश्र्वनाथ मंदिरों पर वार्षिक ध्वजा एवं पूजा के कार्यक्रम आयोजित किए गए।