E20 Fuel डालने से पहले जान लें ! आपकी कार-बाइक या स्कूटर इसको सपोर्ट करता है या नहीं, ऐसे करें चेक ?

 | 
E20 Fuel डालने से पहले जान लें ! आपकी कार-बाइक या स्कूटर इसको सपोर्ट करता है या नहीं, ऐसे करें चेक ?

Udaipur Times, Does your Car or Bike support E-20 fuel : देशभर में E20 (20% एथेनॉल मिश्रित) पेट्रोल का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में लाखों वाहन मालिकों के मन में सवाल है कि क्या उनकी कार, बाइक या स्कूटर E20 फ्यूल के लिए तैयार है। यदि आपका वाहन E20 कम्पैटिबल नहीं है और आप लगातार इस ईंधन का इस्तेमाल करते हैं, तो लंबे समय में माइलेज, परफॉर्मेंस और कुछ इंजन व फ्यूल सिस्टम के पार्ट्स पर असर पड़ सकता है। हालांकि, वाहन निर्माता कंपनियों का कहना है कि नए वाहनों के मालिकों को घबराने की जरूरत नहीं है।

ऐसे पता करें आपका वाहन E20 सपोर्ट करता है या नहीं

सबसे पहले अपनी कार या बाइक के फ्यूल फिलर कैप (जहां से पेट्रोल भरते हैं) को देखें। यदि वहां E20, E20 Compatible या E20 Fuel Ready लिखा है, तो आपका वाहन इस ईंधन के लिए उपयुक्त है। यदि ऐसा कोई निशान नहीं है तो वाहन की ओनर मैनुअल, कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत सर्विस सेंटर से जानकारी ली जा सकती है। वाहन का VIN (Vehicle Identification Number) बताकर भी कंपनी से इसकी पुष्टि कराई जा सकती है।

अप्रैल 2023 के बाद बने अधिकांश वाहन E20 रेडी

सरकार के निर्देशों के अनुसार अप्रैल 2023 के बाद लॉन्च या निर्मित अधिकांश पेट्रोल वाहन E20 कम्पैटिबल बनाए जा रहे हैं। होंडा, हीरो, टीवीएस, बजाज और रॉयल एनफील्ड जैसी कंपनियों ने भी अपने नए मॉडलों को E20 के अनुरूप तैयार किया है। वहीं कई कंपनियों का कहना है कि उनके पुराने BS6 मॉडल भी E20 ईंधन के लिए उपयुक्त हैं।

पुराने वाहन मालिकों को क्यों रहना चाहिए सतर्क?

यदि आपकी बाइक, स्कूटर या कार 2023 से पहले की है, खासकर BS3 या BS4 मॉडल, तो E20 फ्यूल से माइलेज में 3 से 20 प्रतिशत तक की कमी, परफॉर्मेंस में हल्की गिरावट और लंबे समय में फ्यूल पाइप, रबर सील, गैस्केट तथा धातु के हिस्सों पर असर पड़ सकता है। कार्ब्यूरेटर वाली पुरानी बाइकों में एयर-फ्यूल मिश्रण सही रखने के लिए ट्यूनिंग या री-जेटिंग की जरूरत भी पड़ सकती है।

क्या E20 से इंजन तुरंत खराब हो जाएगा?

विशेषज्ञों का कहना है कि यदि गलती से एक-दो बार E20 पेट्रोल भर भी गया, तो इससे इंजन तुरंत खराब नहीं होगा। लेकिन यदि वाहन E20 के लिए डिजाइन नहीं किया गया है और लंबे समय तक लगातार यही ईंधन इस्तेमाल किया जाता है, तो धीरे-धीरे कुछ पुर्जों में घिसाव और जंग की समस्या बढ़ सकती है।

वारंटी पर क्या पड़ेगा असर?

ऑटो कंपनियों और SIAM के अनुसार केवल E20 पेट्रोल इस्तेमाल करने की वजह से वैध वारंटी समाप्त नहीं होगी। यदि कोई तकनीकी दिक्कत आती है तो वाहन मालिक को अधिकृत सर्विस सेंटर पर जांच कराने की सलाह दी गई है।

ऐसे रखें अपने वाहन को सुरक्षित

समय-समय पर वाहन की सर्विस कराएं।

फ्यूल टैंक और फ्यूल सिस्टम में जंग या लीकेज की जांच कराते रहें।

लंबे समय तक वाहन खड़ा रखना हो तो टैंक लगभग फुल रखें।

पुरानी कार्ब्यूरेटर बाइक में जरूरत पड़ने पर ट्यूनिंग कराएं।

किसी भी समस्या पर अधिकृत सर्विस सेंटर से संपर्क करें।

विशेषज्ञों का मानना है कि E20 पेट्रोल पर्यावरण के लिए बेहतर विकल्प है, लेकिन वाहन मालिकों को पहले यह जरूर सुनिश्चित कर लेना चाहिए कि उनका वाहन इस ईंधन के लिए उपयुक्त है या नहीं। इससे भविष्य में अनावश्यक खर्च और तकनीकी परेशानियों से बचा जा सकता है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News