कुमार सानू ने जमाया रंग
उदयपुर नगर निगम द्वारा आयोजित दीपावली मेले में बॉलीवुड के मशहूर पाशर्व गायक कुमार सानू ने अपने मस्ती भरे नगमों से जनता को मंत्रमुग्ध कर दिया।

उदयपुर नगर निगम द्वारा आयोजित दीपावली मेले में बॉलीवुड के मशहूर पाशर्व गायक कुमार सानू ने अपने मस्ती भरे नगमों से जनता को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आशिकी फिल्म से एक खास पहचान बनाने वाले पार्श्व गायक कुमार सानू ने एक से बढ़कर एक नगमे पेश कर युवा दिलों का दिल जीत लिया। आशिकी, साजन, दीवाना, दिल है की मानता नहीं, धड़कन जैसी अनेको सुपरहिट फिल्मों में तक़रीबन 20000 से अधिक गानों को आवाज देने वाले कुमार सानू जैसे ही मंच पर आये, उदयपुरवासियों ने दिल से उनका तालियों की गड़गड़ाहट के साथ जोरदार तरीके से स्वागत किया। इसके बाद कुमार सानू ने भी मस्ती भरी प्रस्तुति के साथ उदयपुरवासियों का अभिवादन किया। दो दिल मिल रहे है…, मगर चुपके चुपके से संगीत की महफिल को सजाया।
इसके बाद उन्होंने उनका पसंदीदा गीत सांसों की जरूरत है जैसे, बस एक सनम चाहिए आशिकी के लिए…, पेश कर जमकर तालिया बटोरी। मेरा चाँद मुझे आया है नज़र ……. एक लड़की को देखा तो…, सोचेंगे तुम्हें प्यार करे कि नहीं…, संभाला है मैंने बहुत अपने दिल को…., तुम्हे अपना बनाने की कसम खाई है…, तुम दिल की धड़कन में रहते हो…, आदि गीत पेश कर युवा दिलों को खूब झुमाया। कुमार सानू ने एक के बाद के सदाबहार प्रस्तुति देकर शहरवासियों को देर रात तक मेले में बांधे रखा। इससे पूर्व मेयर चंद्रसिंह कोठारी ने अतिथियों को स्वागत किया।

