उदयपुर सिटीजन सोसायटी के अध्यक्ष कुम्भट, सचिव नाहटा मनोनीत
उदयपुर। उदयपुर शहर सहित दक्षिणी राजस्थान के चहुंमुखी विकास के लिए चिंतन करने वाली उदयपुर सिटीजन सोसायटी के अध्यक्ष पद को अब क्षितिज कुम्भट संभालेंगे। इसके साथ ही कमल नाहटा को सचिव पद पर मनोनीत किया है। यह निर्णय सोसायटी की इस साल की 9वीं बैठक में किया गया।
दरअसल, सोसायटी के अध्यक्ष जाने माने उद्योगपति व यूसीसीआई के वरिष्ठ संरक्षक के.एस. मोगरा के निधन के बाद सोसायटी के सदस्यों ने अध्यक्ष पद का कार्यभार सर्वसम्मति से क्षितिज कुम्भट को सौंपा। इसके बाद कुम्भट ने कमल नाहटा को सचिव मनोनीत किया।
इससे पूर्व, सोसायटी की इस बैठक में सबसे पहले स्वर्गीय केएस मोगरा को एक मिनट मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद सदस्यों ने शहर के विकास के प्रति उनके योगदान को याद किया। बैठक में यह भी निर्णय किया गया कि सोसायटी उदयपुर शहर में यातायात, शहरी विकास और रेलवे से संबंधित लंबित मुद्दों पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संगोष्ठी कर अपना विजन तैयार करेगी और इसे राज्य सरकार व संबंधित विभाग को भेजा जाएगा ताकि शहर के विकास को गति मिल सके।
आपको बता दें कि सोसायटी लम्बे समय से शहरी विकास और रेलवे के संबंध में सुविधाएं बढ़ाने को लेकर लगातार प्रयास करती आई हैं। इस सोसायटी में विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों सहित प्रबुद्धजन जुड़े हैं जो समय-समय पर अपना विजन प्रस्तुत करते हैं।
