हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना का बढ़ेगा दायरा, 1 लाख 80 हजार रुपए वार्षिक आय वालों को भी मिलेगा लाभ

 | 
हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना का बढ़ेगा दायरा, 1 लाख 80 हजार रुपए वार्षिक आय वालों को भी मिलेगा लाभ  

Udaipur Times, Haryana News, हिसार : हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा है कि बरवाला में संत शिरोमणि कबीर दास जी महाराज के नाम पर एक चौक का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में "संत-महापुरुष विचार प्रसार योजना" के तहत संतों और महापुरुषों से जुड़े महत्वपूर्ण दिवसों को पूरे सम्मान और गरिमा के साथ मना रही है।  

इन आयोजनों के माध्यम से हमारी युवा पीढ़ी को अपने संतों और महापुरुषों के जीवन, संघर्ष, त्याग और उनके महान विचारों से प्रेरणा मिलती है।

वे शनिवार को बरवाला में संत शिरोमणि कबीर दास महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार अंतोदय के भाव से कार्य कर रही है और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के जीवन में सुधार लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि ऐसे लोगों के जीवन में बदलाव लाने के लिए लाडो लक्ष्मी जैसी महत्वाकांक्षी योजना चलाई गई है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अब इस योजना का दायरा बढ़ाया जाएगा और 1 लाख 80 हजार रुपए वार्षिक आय वाले परिवारों को भी सितंबर माह के उपरांत इस योजना में शामिल किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और ईमानदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। आज छोटे से छोटे घर का युवा भी अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर बड़ी से बड़ी सरकारी नौकरी हासिल कर सकता है। अब सफलता की कुंजी केवल मेहनत और योग्यता है। यह व्यवस्था युवाओं के आत्मविश्वास को मजबूत कर रही है और उन्हें अपने सपनों को साकार करने का अवसर दे रही है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने धानक समाज की ओर से रखी गई सभी मांगों को पूरा करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि समाज की धर्मशाला का निर्माण चल रहा है। 21 लाख रुपए तथा 13 लाख रुपए की राशि से धर्मशाला और लाइब्रेरी का कार्य जल्द ही पूरा होगा। इसके अलावा धानक समाज के लिए एक सामुदायिक केंद्र का भी निर्माण किया जाएगा।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News