हरियाणा में झीलों का 50 करोड़ की लागत से वाटर पार्क की तर्ज पर होगा सौंदर्यकरण, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

 | 
हरियाणा में झीलों का 50 करोड़ की लागत से वाटर पार्क की तर्ज पर होगा सौंदर्यकरण, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा 

Udaipur Times, Haryana News, भिवानी/जुई : सिंचाई जल संसाधन और महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि तोशाम हलका मेरा परिवार है। हलके का विकास करवाना मेरा कर्म है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के विकास में मेरे दादा चौ. बंसीलाल, पिता चौ. सुरेंद्र सिंह व माता किरण चौधरी ने कोई कसर नहीं छोड़ी। वहीं हलके के लोग भी हर परिस्थिति में साथ खड़े मिलते हैं और यही हमारी ताकत है।

कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी वीरवार को गांव लोहानी में लगभग पौने पांच करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले सिंचाई विभाग के विश्राम गृह की आधारशिला रखने उपरांत उपस्थित लोगों को संबोधित कर रही थी। इस दौरान पूर्व राज्यसभा सांसद व पूर्व मंत्री किरण चौधरी भी उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि करीब 50 करोड़ की लागत लोहानी जलाशय का वाटर पार्क की तर्ज पर सौंदर्यकरण किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि सरकार किसानों को सिंचाई व आमजन को पीने का स्वच्छ पानी उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। 

हथिनीकुंड बैराज से दक्षिण हरियाणा की नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए अकेले भिवानी जिला में 290 करोड रुपए की धनराशि से सिंचाई विभाग के विकास कार्य किया जा चुके हैं। 75 करोड रुपए की धनराशि से 29 कार्य प्रगति पर हैं और 50 करोड रुपए के फ्लड क्षेत्र के विकास कार्य करवाए जा चुके हैं ओर 50 करोड रुपए की मंजूरी दी जा चुकी है। इसके अलावा 200 करोड रुपए की नाबार्ड से मंजूरी मिली है वहीं 135 करोड रुपए वर्ल्ड बैंक से मंजूर हुए हैं। सिंचाई मंत्री ने कहा कि प्रदेश की नहरों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। इसके बाद हथिनी कुंड बैराज से सीधे दक्षिण हरियाणा में टेल तक पानी पहुंचेगा और इसके लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के गांवों में ई- लाइब्रेरी, फिरनी, गली निर्माण सहित तमाम विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि तोशाम झील की तर्ज पर 50 करोड़ की लागत से लोहानी में झील का जीर्णोद्वार किया जाएगा जिससे गांव लोहानी की पर्यटन के क्षेत्र में  पहचान बनेगी।

वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद किरण चौधरी ने कहा कि चौ. सुरेंद्र सिंह के चले जाने के बाद हमने उनकी और चौ. बंसीलाल की विरासत को आगे बढऩे का काम किया है। श्रुति चौधरी भी सिंचाई और महिला एवं बाल विकास विभाग में उन्हीं के पद चिन्हों पर चलकर क्षेत्र में चहुमुखी विकास करवाने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि चौधरी सुरेंद्र सिंह कार्यकर्ताओं को अपना भाई और तोशाम को अपना घर मानते थे। 

किरण चौधरी ने कहा कि किसानों के 2022-23 की नुकसान का मुआवजा दिलाने के लिए प्रदेश व केंद्र सरकार से  किसानों को उनका हक दिलवाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से वर्चुअल माध्यम से भिवानी में मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण करेंगे। इसके लिए उन्होंने लोगों को भिवानी में होने वाले कार्यक्रम में पहुंचने का निमंत्रण दिया।

किरण चौधरी ने कहा कि लोहानी को पर्यटन क्षेत्र में प्रदेश में अलग पहचान मिलेगी। बिजली, पानी, नहर सहित तमाम विकास कार्यों की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। जिस तरह से चौ. बंसीलाल ने कैनाल बनाकर प्रदेश के कोने-कोने में पानी पहुंचाने का काम किया था, चौ. सुरेंद्र सिंह और चौ. बंसीलाल की नियत और नीति के अनुसार श्रुति चौधरी विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं।

इस अवसर एसडीएम भिवानी महेश कुमार, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता ओपी बिश्नोई, चैयरमैन प्रदीप गोलागढ़, चेयरमैन मार्केट कमेटी जुई मेजर मीरसिंह, एडवोकेट अमर सिंह हलवास उपस्थित रहे।

श्रुति चौधरी व किरण चौधरी ने रेस्ट हाउस की बिल्डिंग और पार्किंग तथा गार्डन की जानकारी बारीकी से लेकर अधिकारियों को दिशा निर्देश भी दिए। वहीं त्रिवेणी लगाकर उसका रख रखाव व चार दीवारी करने को कहा।

करीबन पौने पांच करोड़ रुपए की लागत से बनेगा सिंचाई विभाग का नया विश्राम गृह...

सिंचाई जल संसाधन और महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री श्रुति चौधरी ने बताया कि गांव लोहानी में सिंचाई विभाग द्वारा अत्याधुनिक रेस्ट हाउस का निर्माण करवाया जाएगा, जिसका आज शिलान्यास किया गया है। दो मंजिला यह रेस्ट हाउस जून 2027 तक बनकर तैयार होगा, जिस पर चार करोड़ 77 लाख  रुपए से अधिक की राशि खर्च होगी।

उहोंने कहा कि मूलभूत सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। रेस्ट हाउस का लाभ जिले की जनता को मिलेगा और निर्धारित समय में बनकर तैयार हो जाएगा। भिवानी-लोहारू सडक़ मार्ग पर गांव लोहानी में बनने वाला सुविधाओं से सुसज्जित रेस्ट हाउस दो मंजिला होगा। रेस्ट हाउस के भूतल पर प्रतीक्षालय, हॉल, कॉन्फ्रेंस रूम, डाइनिंग हॉल, रसोईघर, स्टोर, मंत्री सुइट के साथ लिविंग रूम तथा वॉशरूम युक्त दो कमरे बनाए जाएंगे।

वहीं प्रथम तल पर शौचालय युक्त चार रूम, एक स्टोर रूम तथा एक हॉल की व्यवस्था होगी। रेस्ट हाउस के निर्माण से विभागीय बैठकों, प्रशासनिक गतिविधियों तथा विशिष्ट अतिथियों के ठहरने के लिए एक सुव्यवस्थित एवं आधुनिक परिसर उपलब्ध होगा, जिससे विभागीय कार्यों के संचालन में और अधिक सुविधा एवं दक्षता आएगी।

इस अवसर पर सत्यनारायण शर्मा, अशोक सरपंच, राजेंद्र पूर्व सरपंच लोहानी, जितेंद्र लडिय़ावाली, अशोक सरपंच, रोशन सरपंच कुसुम्बी, सुन्दरपाल सरपंच कैरु, अमित बापोड़ा, राजकुमार जांगड़ा, प्रीतम लोहानी, जयसिंह बाल्मीकि सहित सिंचाई तथा महिला विकास विभाग के अधिकारी  व गण मान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News