60 वर्ष से अधिक उम्र की लाखों महिलाओं को मिलेगी रोडवेज बसों में फ्री यात्रा, कल से लागू होगी स्कीम

 | 
60 वर्ष से अधिक उम्र की लाखों महिलाओं को मिलेगी रोडवेज बसों में फ्री यात्रा, कल से लागू होगी स्कीम 

Udaipur Times, New Delhi : प्रदेश सरकार ने 60 वर्ष से अधिक उम्र की बुजुर्ग महिलाओं को रोडवेज बसों में निश्शुल्क यात्रा की सुविधा देने का निर्णय लिया है। शासन के निर्देश के अनुसार यह व्यवस्था 29 अगस्त से पूरे प्रदेश में लागू होगी। सीतापुर जिले में इस योजना का लाभ करीब दो लाख से अधिक बुजुर्ग महिलाओं को मिलने की उम्मीद है। सरकार के इस फैसले से बुजुर्ग महिलाओं में खुशी है। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं के लिए यह सुविधा काफी राहत देने वाली मानी जा रही है।

योगी आदित्यनाथ के फैसले से महिलाओं में खुशी की लहर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस निर्णय का महिलाओं ने स्वागत किया है। महिलाओं का कहना है कि उम्र बढ़ने के साथ यात्रा करना पहले से ही मुश्किल होता है और ऊपर से किराये का खर्च कई बार परेशानी बढ़ा देता है। अब रोडवेज बसों में निश्शुल्क यात्रा की सुविधा मिलने से उन्हें जरूरी काम के साथ-साथ धार्मिक और तीर्थ यात्राओं पर जाने में भी सहूलियत होगी।

तीर्थ यात्रा का सपना होगा आसान

सरकार की इस पहल से बुजुर्ग महिलाओं में तीर्थ यात्रा को लेकर भी उत्साह है। विजयलक्ष्मी नगर निवासी राजरानी महावर ने मुख्यमंत्री के फैसले को सराहनीय बताते हुए कहा कि बुजुर्ग महिलाओं के लिए यह बड़ी सुविधा है। अब किराये की चिंता किए बिना तीर्थ स्थलों की यात्रा की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने पर कई बार महिलाएं अपनी इच्छाओं को दबा देती हैं, लेकिन निश्शुल्क बस यात्रा की सुविधा से उन्हें काफी राहत मिलेगी।

राम लल्ला के दर्शन का सपना होगा पूरा

बैसौली गांव निवासी 75 वर्षीय सरला तिवारी ने बताया कि उनकी लंबे समय से अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने की इच्छा थी। यात्रा में आने वाले खर्च को लेकर वह संकोच करती थीं। अब सरकार ने बुजुर्ग महिलाओं के लिए बस यात्रा निश्शुल्क कर दी है तो वह अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने की योजना बना रही हैं। उनका कहना है कि सरकार के इस फैसले से उनके जैसे कई बुजुर्गों का तीर्थ यात्रा का सपना पूरा हो सकेगा।

आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को भी मिलेगा लाभ

निश्शुल्क यात्रा की सुविधा का सबसे अधिक फायदा उन बुजुर्ग महिलाओं को मिलने की उम्मीद है, जिनके परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। ऐसी महिलाएं जरूरी काम के लिए दूसरे शहर या कस्बे जाने के साथ ही धार्मिक स्थलों की यात्रा भी कर सकेंगी। रोडवेज बसों का इस्तेमाल करने वाली महिलाओं को किराये की चिंता नहीं करनी पड़ेगी।

इस योजना से बुजुर्ग महिलाओं के सामाजिक और धार्मिक आवागमन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। महिलाएं अपने रिश्तेदारों से मिलने, अस्पताल या अन्य जरूरी काम के लिए यात्रा करने के साथ-साथ अयोध्या, हरिद्वार, मथुरा-वृंदावन समेत अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा कर सकेंगी।

सरकार के इस फैसले को बुजुर्ग महिलाओं के लिए आर्थिक राहत के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अक्सर बढ़ती उम्र में महिलाएं यात्रा के लिए परिवार के सदस्यों पर निर्भर रहती हैं। किराये का खर्च भी कई बार उनके आवागमन में बाधा बनता है। निश्शुल्क यात्रा की सुविधा से ऐसी महिलाओं को अपनी जरूरत के अनुसार यात्रा करने में आसानी होगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News