हरियाणा में ITI में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों को राहत, आवेदन एवं संस्थान-ट्रेड चयन की अंतिम तारीख बढ़ी
Udaipur Times, Haryana News, गुरुग्राम : कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग, हरियाणा ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए राज्य के सभी राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए आवेदन एवं संस्थान तथा ट्रेड के विकल्प भरने की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 तक बढ़ा दी है।
विभाग के अनुसार जिन अभ्यर्थियों ने 2 जून से 30 जून के बीच विभागीय वेबसाइट पर पंजीकरण कराया था, उन्हें अब 15 जुलाई तक अनिवार्य रूप से वेबसाइट www.itiharyana.gov.in पर लॉगिन कर अपने पसंदीदा संस्थान एवं ट्रेड का चयन करते हुए ऑनलाइन आवेदन जमा करना होगा।
विभाग ने उन इच्छुक अभ्यर्थियों को भी एक और अवसर प्रदान किया है, जो पहले पंजीकरण नहीं करा सके थे। ऐसे अभ्यर्थी अब 15 जुलाई तक नया ऑनलाइन आवेदन कर प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। संस्थान के प्राचार्य रविंद्र कुमार ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए संस्थान में निःशुल्क हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से अपील की कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि समय पर प्रवेश सुनिश्चित किया जा सके।
