हरियाणा में 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते वकील-पटवारी गिरफ्तार, जमीन बंटवारे को लेकर मांगी थी घूस

 | 

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़, 19 मई : राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB), हरियाणा ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹1 लाख रिश्वत लेते अधिवक्ता भूपेंद्र को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिवक्ता पटवारी नरेंद्र कुमार के लिए बिचौलिए के तौर पर काम कर रहा था। इस संबंध में थाना SV&ACB हिसार में FIR नंबर 13 दिनांक 19 मई 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 एवं 7A के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार सख्त, रिश्वतखोरों को किसी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा : ब्यूरो प्रमुख

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक डॉ. ए.एस. चावला, आईपीएस ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भ्रष्टाचार मुक्त हरियाणा के संकल्प को मजबूती से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति बेहद कठोर नीति है और रिश्वतखोरी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। डॉ. चावला ने कहा कि आमजन को पारदर्शी, ईमानदार और जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध करवाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ब्यूरो भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहा है।

क्या था मामला-

ब्यूरो को गांव सिवाड़ा निवासी परवीन कुमार ने शिकायत दी थी कि भिवानी में तैनात पटवारी नरेंद्र कुमार उनकी लगभग 40 एकड़ संयुक्त कृषि भूमि के बंटवारे एवं संबंधित दस्तावेज तैयार करने के बदले ₹1 लाख रिश्वत मांग रहा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सभी जरूरी दस्तावेज जमा कराने के बावजूद आरोपी जानबूझकर काम लंबित रख रहा था। शिकायत के अनुसार 15 मई को आरोपी पटवारी ने भूपेंद्र अधिवक्ता को अपने मध्यस्थ के रूप में सामने लाया। बाद में 18 मई को अधिवक्ता ने पटवारी की ओर से रिश्वत राशि लेने की बात स्वीकार की। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने से जुड़ी बातचीत की रिकॉर्डिंग भी ब्यूरो को उपलब्ध करवाई।

शिकायत का सत्यापन करने के बाद SV&ACB यूनिट भिवानी ने ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी भूपेंद्र अधिवक्ता को ₹1 लाख रिश्वत लेते हुए राजपत्रित अधिकारी सुरेंद्र ठकराल, फिशरीज ऑफिसर, जिला भिवानी तथा शैडो गवाह की मौजूदगी में रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की आगे जांच जारी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News