कुराबड़ ब्लॉक में लेपर्ड का मूवमेंट
दो गांवों में पालतू कुत्तों का किया शिकार
उदयपुर 6 अगस्त 2025। ज़िले के कुराबड़ ब्लॉक में लगातार बढ़ते लेपर्ड के मूवमेंट से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बीती रात लेपर्ड ने दो अलग-अलग गांवों में पालतू कुत्तों को अपना शिकार बना लिया।
पहली घटना ग्राम पंचायत गुडली के कालीमगरी गांव की है, जहां ग्रामीण भेरूनाथ के घर के बाहर बंधे पालतू कुत्ते को लेपर्ड उठा ले गया। सुबह जब परिजनों ने देखा तो कुत्ता गायब था। काफी तलाश के बाद भी कुत्ता नहीं मिला। घर की दीवार पर लेपर्ड के नाखूनों के निशान भी मिले हैं, जिससे हमले की पुष्टि हुई।
दूसरी घटना बोरी ग्राम पंचायत के आछट गांव की है, जहां लेपर्ड ने दो कुत्तों को मार डाला। ग्रामीण शिवलाल पुत्र मावा राम पटेल ने बताया कि रात को कुत्तों के तेज चिल्लाने की आवाज आई। जब वह बाहर निकले तो लेपर्ड तेजी से भागता हुआ नजर आया।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से लेपर्ड का मूवमेंट लगातार बना हुआ है। दो दिन पहले भी भींडर चौराहे पर लेपर्ड देखा गया था। वहीं 30 जुलाई को रोडीलाल पटेल के बाड़े में बंधे बछड़े पर हमला कर उसे मार डाला गया था।
गांवों में ऐसी घटनाओं के बाद डर का माहौल बन गया है। लोग अंधेरा होते ही घरों से बाहर निकलने से डरने लगे हैं। खेतों में अकेले जाना भी बंद कर दिया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से लेपर्ड को पकड़ने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
