बांसवाड़ा में लेपर्ड का आतंक: खेत में बुजुर्ग पर हमला
Udaipur Times, Banswara Leopard Attack: बांसवाड़ा के आबापुरा थाना क्षेत्र के भूतपाड़ा गांव में शुक्रवार (31 जुलाई 2026) दोपहर खेत में काम कर रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग पर लेपर्ड ने पीछे से हमला कर दिया। लेपर्ड ने बुजुर्ग के दाहिने हाथ को अपने जबड़े में जकड़ लिया और करीब 3 से 5 मिनट तक संघर्ष चलता रहा। हमले में बुजुर्ग के हाथ में गहरा घाव हो गया और कलाई की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया। इसके अलावा पैर और पीठ पर भी पंजों के निशान आए हैं। घायल बुजुर्ग का एमजी अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार भूतपाड़ा गांव निवासी नाथु (65) पुत्र हुरजी शुक्रवार दोपहर अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक निकला लेपर्ड पीछे से उन पर झपट पड़ा। नाथु ने बताया कि लेपर्ड उनके ऊपर कूद गया। उन्होंने बचने के लिए भागने का प्रयास किया, लेकिन लेपर्ड ने उनके दाहिने हाथ को जबड़े में मजबूती से जकड़ लिया।
बुजुर्ग ने हाथ छुड़ाने का काफी प्रयास किया, लेकिन लेपर्ड ने पकड़ नहीं छोड़ी। उसके नुकीले दांत हाथ में गहराई तक धंस गए, जिससे गंभीर घाव हो गया। संघर्ष के दौरान कलाई की हड्डी में भी फ्रैक्चर हो गया। हाथ से लगातार खून बहने लगा और लेपर्ड के पंजों से पैर व पीठ पर भी चोटें आईं।
करीब 3 से 5 मिनट तक चला संघर्ष
नाथु ने बताया कि उन्होंने हाथ-पैर चलाकर लेपर्ड से बचने की लगातार कोशिश की। दर्द से तड़पते हुए वह जोर-जोर से चिल्लाते रहे। उनकी आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और परिजन मौके की ओर दौड़े।
खेड़ा बड़ली पाड़ा के निवर्तमान सरपंच जोशी डिंडोर ने बताया कि ग्रामीणों और परिजनों को अपनी ओर आता देखकर लेपर्ड बुजुर्ग को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों ने खेत में खून से लथपथ पड़े नाथु को तुरंत बाहर निकाला और उपचार के लिए एमजी अस्पताल पहुंचाया।
कलाई की हड्डी टूटी, हाथ में गहरा घाव
एमजी अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड के कंपाउंडर विजय ने बताया कि लेपर्ड के हमले में बुजुर्ग की कलाई की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है। हाथ में गहरा घाव है, जिसका उपचार किया जा रहा है। फिलहाल डॉक्टर उनकी स्थिति पर निगरानी रख रहे हैं।
