कोरोना काल में गई नौकरी लेकिन स्वीटी ने फिर भी नहीं मानी हार, लाखों का बिजनेस खड़ा कर अब दे रही रोजगार

 | 
कोरोना काल में गई नौकरी लेकिन स्वीटी ने फिर भी नहीं मानी हार, लाखों का बिजनेस खड़ा कर अब दे रही रोजगार

Udaipur Times, Success Story : जो मेहनत करते हैं वो एक दिन सफलता जरुर पाते हैं। इस कहावत को सच कर के दिखाया है स्वीटी कुमारी ने।विक्रमशिला कॉलोनी की स्वीटी कुमारी ने अपने संघर्ष और उद्यमशीलता से इसे हासिल किया है। कभी निजी कंपनियों में नौकरी तो कभी स्कूल में शिक्षिका के रूप में काम करने वाली स्वीटी आज न केवल आत्मनिर्भर हैं, बल्कि अन्य महिलाओं को भी रोजगार देकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बना रही हैं।

जानकारी के मुताबिक, कोरोना काल में स्कूल की नौकरी छूटने के बाद स्वीटी के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया। इस चुनौती को उन्होंने अवसर में बदलने का फैसला किया।

उन्होंने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत आवेदन किया और उद्योग स्थापित करने के लिए 10 लाख रुपये की सहायता प्राप्त की। इसके बाद सरसों तेल उत्पादन की इकाई की शुरुआत की। उद्योग स्थापित करने के साथ कच्चे माल की आपूर्ति और उत्पादों की बिक्री जैसी चुनौतियां भी सामने आईं।

जैसा की उन्होंने बताया की शुरुआत में बाजार की समझ और ग्राहकों तक पहुंच बनाने का अनुभव नहीं था। ऐसे में स्वीटी खुद अपने उत्पाद लेकर घर-घर पहुंचने लगीं।

इस प्रयास से उन्हें ग्राहकों की जरूरतों को समझने और बाजार की मांग के अनुरूप कारोबार विकसित करने का अवसर मिला। धीरे-धीरे उनके उत्पादों की मांग बढ़ने लगी और उन्होंने सरसों तेल के साथ सत्तू, बेसन, कतरनी चूड़ा और चावल को भी अपने कारोबार में शामिल किया। कारोबार का विस्तार करते हुए स्वीटी ने 20 महिलाओं को रोजगार से जोड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार, चार वर्षों के भीतर स्वीटी ने अपने ब्रांड ‘देसी होम’ को ऑनलाइन बाजार में स्थापित कर दिया। इसके लिए उन्हें विभिन्न दस्तावेज तैयार कराने और संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़े।

इसके बाद उनके उत्पाद ओएनडीसी माई स्टोर, अमेजन, जीईएम और एमएसएमई मार्ट जैसे आनलाइन प्लेटफार्म पर उपलब्ध हो गए। उनकी इकाई भागलपुर की पहली एमएसएमई जेड गोल्ड प्रमाणित इकाई है।

अब उनके उत्पादों की आपूर्ति पटना और मुजफ्फरपुर के खादी माल में भी हो रही है। इसके अलावा हैदराबाद और आंध्र प्रदेश तक ऑनलाइन माध्यम से कारोबार का विस्तार हुआ है।

स्वीटी के अनुसार, उनके उद्यम का सालाना कारोबार अब 20 लाख रुपये तक पहुंच गया है। उत्पादों की बढ़ती मांग को देखते हुए उन्होंने पीएमएफएमई योजना के तहत भी आर्थिक सहायता प्राप्त की है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News