LPG उपभोक्ता 30 जून से पहले कर लें ये काम, वरना होगा भारी नुकसान

 | 
LPG उपभोक्ता 30 जून से पहले कर लें ये काम, वरना होगा भारी नुकसान 

Udaipur Times, LPG Subsidy New Rule : केंद्र सरकार ने एलपीजी (LPG) उपभोक्ताओं के लिए ने बड़ा निर्देश जारी किया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं ने 30 जून 2026 तक आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन (Biometric Authentication) पूरा नहीं किया, उनकी गैस सब्सिडी रोक दी जाएगी। हालांकि, ऐसे उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति पहले की तरह जारी रहेगी।

सरकार का कहना है कि सब्सिडी का लाभ केवल उन्हीं उपभोक्ताओं को मिलेगा, जिनकी पहचान आधार के माध्यम से सत्यापित होगी। यह कदम सब्सिडी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और फर्जी लाभार्थियों पर रोक लगाने के लिए उठाया गया है।

30 जून के बाद क्या होगा?

केंद्र सरकार के नए निर्देश के अनुसार, 30 जून तक बायोमेट्रिक आधार सत्यापन नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के बैंक खाते में एलपीजी सब्सिडी की राशि भेजना बंद कर दिया जाएगा। खास बात यह है कि बाद में सत्यापन पूरा कराने पर भी बीच की अवधि की रुकी हुई सब्सिडी वापस नहीं मिलेगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि सत्यापन के बाद केवल भविष्य में खरीदे जाने वाले गैस सिलेंडरों पर ही सब्सिडी का लाभ मिलेगा।

तेल कंपनियों को दिए गए निर्देश

केंद्र सरकार ने तीनों सरकारी तेल कंपनियों Indian Oil Corporation, Bharat Petroleum Corporation Limited और Hindustan Petroleum Corporation Limited को ऐसे उपभोक्ताओं की पहचान करने और उन्हें समय रहते सूचना देने के निर्देश दिए हैं, जिन्होंने अभी तक आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं कराया है।

उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों पर भी असर

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के तहत पात्र परिवारों को प्रत्येक एलपीजी सिलेंडर पर 300 रुपये तक की सब्सिडी दी जाती है। इसके अलावा अन्य पात्र उपभोक्ताओं को भी सब्सिडी सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। यदि ऐसे लाभार्थी 30 जून तक जरूरी सत्यापन नहीं कराते हैं, तो उन्हें गैस सिलेंडर तो मिलेगा, लेकिन सब्सिडी की राशि नहीं मिलेगी।

सब्सिडी का दुरुपयोग रोकने के लिए बनाया गया नियम

सरकार का मानना है कि आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन से वास्तविक लाभार्थियों की पहचान सुनिश्चित होगी और सब्सिडी का दुरुपयोग रोका जा सकेगा। साथ ही मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों और ऊर्जा आपूर्ति से जुड़ी चुनौतियों के बीच एलपीजी वितरण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में भी मदद मिलेगी।

क्या करें उपभोक्ता?

30 जून 2026 से पहले आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन पूरा कर लें।

नजदीकी गैस एजेंसी या कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर संपर्क करें।

आधार और मोबाइल नंबर अपडेट रखें।

बैंक खाते को आधार से लिंक कराना सुनिश्चित करें।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News