समुद्र के अंदर बन रहे लग्जरी घर ! यहां तैयार हो रही दुनिया की अनोखी अंडरवॉटर हाउसिंग सोसाइटी, जाने कीमत ?
Udaipur Times, Underwater Homes : अगर आपसे पूछा जाए कि क्या आप समुद्र के अंदर बने घर में रहना चाहेंगे, तो शायद आपका जवाब होगा कि यह सिर्फ फिल्मों या कल्पना की दुनिया में ही संभव है। लेकिन अब यह सपना हकीकत बनने जा रहा है।
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह में समुद्र के अंदर एक अनोखी हाउसिंग सोसाइटी बनाई जा रही है, जहां लोग पानी के नीचे बने लग्जरी घरों में रह सकेंगे।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना की घोषणा हाल ही में शारजाह के शासक शेख डॉ. सुल्तान बिन मोहम्मद अल कासिमी ने की। यह प्रोजेक्ट 'खोर काल्बा सिटी' (Khor Kalba City) मास्टर प्लान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य काल्बा शहर को पर्यटन, लग्जरी और आधुनिक विकास का नया केंद्र बनाना है।
दिसंबर से खुल सकते हैं अंडरवॉटर घर
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस अनोखे प्रोजेक्ट के तहत बनाए जा रहे समुद्र के अंदर वाले घर इस साल दिसंबर तक तैयार हो सकते हैं। शुरुआती चरण में इन्हें पर्यटकों के लिए भी खोला जा सकता है। परियोजना पूरी होने के बाद शारजाह दुनिया के सबसे अनोखे और आकर्षक पर्यटन स्थलों में शामिल हो सकता है।
सात साल से चल रही है तैयारी
इस परियोजना पर बीते सात सालों से काम चल रहा है। अब इसके निर्माण कार्य में तेजी लाई गई है। सरकार का उद्देश्य काल्बा को पर्यटन, मनोरंजन और लग्जरी लाइफस्टाइल का नया केंद्र बनाना है। साथ ही इस क्षेत्र की ऐतिहासिक और पुरातात्विक विरासत को भी सुरक्षित रखा जाएगा।
सिर्फ अंडरवॉटर घर ही नहीं, कई और बड़े प्रोजेक्ट
दिसंबर तक शारजाह में कई अन्य विकास परियोजनाएं भी शुरू होने की उम्मीद है। इनमें नई सड़कें, कॉर्निश (समुद्री तट), पुनर्वास आवास, अल हयार झील, वादी अल हेलो रोड और कई पर्यटन परियोजनाएं शामिल हैं।
कितने घर बनेंगे, अभी नहीं हुआ खुलासा
फिलहाल शारजाह सरकार ने यह जानकारी साझा नहीं की है कि इस परियोजना के तहत कुल कितने घर बनाए जाएंगे। साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि इनमें 1BHK, 2BHK या बड़े लग्जरी विला होंगे। इन सभी जानकारियों का खुलासा आने वाले समय में किया जाएगा।
कितनी होगी कीमत?
अभी तक इन अंडरवॉटर घरों की कीमत का भी खुलासा नहीं हुआ है। माना जा रहा है कि इनकी कीमत शारजाह के सामान्य घरों से अधिक हो सकती है। हालांकि, शारजाह में संपत्तियों की कीमतें पहले से ही दुबई और गुरुग्राम के मुकाबले लगभग 40 प्रतिशत तक कम मानी जाती हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक शुरुआत में इन घरों को बेचने की बजाय किराए पर दिया जा सकता है। बाद में इन्हें बिक्री के लिए भी उपलब्ध कराया जा सकता है।
पर्यटन को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
पिछले कुछ वर्षों से शारजाह सरकार काल्बा के पूर्वी तटीय इलाके का तेजी से विकास कर रही है। विरासत संरक्षण, बेहतर सड़कें, पर्यटन सुविधाएं और प्राकृतिक पर्यावरण को सुरक्षित रखते हुए इस क्षेत्र को विकसित किया जा रहा है।
माना जा रहा है कि यह अंडरवॉटर हाउसिंग प्रोजेक्ट शारजाह को दुनिया के सबसे आकर्षक पर्यटन स्थलों में शामिल करने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा।
