हरियाणा में 52 पालों की महापंचायत ! सगाई में ₹1, बारात में 51 लोग, मृत्यु भोज बंद; उल्लंघन पर होगा बहिष्कार
Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। हरियाणा एक पलवल के पिंडकोला गांव में रविवार को सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ 52 पालों की महापंचायत में शादी-ब्याह में होने वाले फिजूलखर्ची व दिखावे पर रोक लगाने के कई बड़े फैसले लिए गए। सर्वसमाज ने सर्वसम्मति से तय किया कि सगाई में 1 रुपया दिया जाएगा और बारात में अधिकतम 51 लोग ही जाएंगे। इसके अलावा मृत्यु भोज पूरी तरह बंद करने और शादी समारोह में नशे व तेज संगीत पर रोक लगाने का फैसला लिया गया।
महापंचायत की अध्यक्षता 52 पालों के अध्यक्ष अरुण जेलदार ने की। डागर पाल की ओर से पूर्व विधायक प्रवीण डागर ने फैसलों की सूची पढ़कर सुनाई। महापंचायत में हरियाणा, उत्तर प्रदेश व राजस्थान से विभिन्न समाजों के पंच, जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। महापंचायत के फैसलों की पालना कराने के लिए गांव, पाल और 52 पाल स्तर पर तीन कमेटियां गठित की जाएंगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तीनों कमेटियां मिलकर कार्रवाई करेंगी। ऐसे परिवार के कार्यक्रमों का ग्रामीण व रिश्तेदार भी बहिष्कार करेंगे।
महत्वपूर्ण फैसले डीजे पर रोक, शराब के ठेकों पर कार्रवाई, बारात में शाकाहारी भोजन
सगाई: 1 रुपया, 5 जोड़ी कपड़े और 5 लोग जाएंगे। गोद भराई: 5 लोग जाएंगे। 1 जोड़ी कपड़े, सोने की अंगूठी और 101 रुपए दिए जाएंगे।
लग्न: एक व्यक्ति जाएगा और 1 रुपया दिया जाएगा। भात न्यौतना: 11 महिलाएं जाएंगी।
भात: 11 लोग जाएंगे। 1 तोला सोना, कपड़े और 2,100 रुपए देने का प्रावधान।
बारात: अधिकतम 51 बाराती जाएंगे। शाकाहारी भोजन होगा। लड़की पक्ष की ओर से 2 तोले सोने के आभूषण, 100 ग्राम चांदी, 11 जोड़ी कपड़े, संदूक या अलमारी और बेड दिया जा सकता है।
बरीपूरी: पांच जोड़ी कपड़े, दो तोला सोना और 100 ग्राम चांदी देने की अनुमति।
बच्चे के जन्म पर छछक: 11 लोग जाएंगे। एक तोला सोना और 100 ग्राम चांदी के आभूषण दिए जा सकेंगे।
दशोटन: कच्छा आदि कराने की अनुमति होगी।
नशे पर रोक: शादी समारोह में दोनों पक्षों की ओर से नशे पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
डीजे पर रोक: तेज संगीत व डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी।
शराब ठेकों पर कार्रवाई: ग्रामीण क्षेत्रों में खुले शराब ठेकों को बंद कराने के लिए सरकार और जिला प्रशासन से मदद मांगी जाएगी।