Mahindra ने बढ़ाए SUV और कमर्शियल वाहनों के दाम, कल से लागू होगी नई कीमतें
Udaipur Times, Automobile News, Mahindra SUVs : अगर आप महिंद्रा की नई कार या कमर्शियल वाहन खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो अब आपको पहले से ज्यादा कीमत चुकानी होगी। ऑटोमोबाइल कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) ने अपनी SUV और कमर्शियल व्हीकल (CV) रेंज की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। नई कीमतें 10 जुलाई 2026 से लागू हो जाएगी।
SUV और कॉमर्शियल वाहनों की कीमत में बढ़ोतरी
कंपनी के अनुसार, SUV की कीमतों में औसतन 2.7% और कमर्शियल वाहनों की कीमतों में 2% की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, कीमतों में बढ़ोतरी अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के अनुसार अलग हो सकती है।
क्यों बढ़ाए गए दाम?
महिंद्रा ने बताया कि कमोडिटी और कच्चे माल की बढ़ती लागत के कारण यह फैसला लिया गया है। कंपनी का कहना है कि स्टील, प्लास्टिक और अन्य धातुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से उत्पादन लागत बढ़ी है, जिसका कुछ हिस्सा ग्राहकों तक पहुंचाना जरूरी हो गया।
दूसरी बार बढ़ीं कीमतें
यह पहली बार नहीं है जब महिंद्रा ने कीमतें बढ़ाई हैं। इससे पहले कंपनी ने 6 अप्रैल 2026 से अपनी ICE SUV की कीमतों में 2.5% तक और कमर्शियल वाहनों की कीमतों में 1.6% तक बढ़ोतरी की थी।
इन गाड़ियों पर पड़ेगा असर
महिंद्रा की SUV रेंज में XUV 3XO से लेकर XEV 9e जैसी प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV शामिल हैं। कंपनी के कमर्शियल व्हीकल पोर्टफोलियो में छोटे, हल्के और भारी मालवाहक वाहन, इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर और बसें भी शामिल हैं।
दूसरी कंपनियां भी बढ़ा चुकी हैं कीमतें
महिंद्रा से पहले किआ इंडिया ने 1 जुलाई से अपनी कारों की कीमतों में 2% तक बढ़ोतरी की थी। वहीं टाटा मोटर्स ने भी जुलाई से अपने पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमतों में 1.5% तक इजाफा किया है। मारुति सुजुकी ने जून में अपनी कारों की कीमतें 30,000 रुपये तक बढ़ाई थीं, जबकि हुंडई ने भी अपने वाहनों के दाम 12,800 रुपये तक बढ़ाए थे।
ग्राहकों पर बढ़ेगा बोझ
ऑटो कंपनियों की लगातार कीमत बढ़ाने की वजह से नई कार खरीदना और महंगा हो गया है। वहीं पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के कारण वाहन चलाने का खर्च भी पहले से अधिक हो चुका है।
