₹5600 करोड़ का निवेश करेगी Mahindra ! 15 एकड़ जमीन पर यहां लगाएगी ये नया प्रोजेक्ट
Udaipur Times, Automobile News, Mahindra Lifespace Developers Deal : महिंद्रा लाइफस्पेस डेवलपर्स (Mahindra Lifespace Developers) ने मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) के कांदिवली ईस्ट में 15 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया है। कंपनी यहां एक बड़े आवासीय प्रोजेक्ट का विकास करेगी, जिसकी अनुमानित ग्रॉस डेवलपमेंट वैल्यू (GDV) करीब 5,600 रुपये करोड़ होगी। इस परियोजना में लगभग 18 लाख वर्गफुट निर्माण क्षमता विकसित की जाएगी।
कांदिवली में मजबूत होगी महिंद्रा की मौजूदगी
कंपनी के रेजिडेंशियल बिजनेस के चीफ बिजनेस ऑफिसर विमलेंद्र सिंह ने कहा कि यह अधिग्रहण मुंबई पोर्टफोलियो को और मजबूत करेगा। उन्होंने बताया कि कांदिवली माइक्रो मार्केट में महिंद्रा विस्टा परियोजना की सफलता के बाद कंपनी ने इस क्षेत्र में अपनी उपस्थिति बढ़ाने का फैसला किया है। यह जमीन प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के जरिए हासिल की गई है।
कनेक्टिविटी बनेगी सबसे बड़ी ताकत
कंपनी के अनुसार, यह ग्रीनफील्ड भूमि पश्चिमी एक्सप्रेस हाईवे और मौजूदा मेट्रो कॉरिडोर से अच्छी तरह जुड़ी हुई है। आने वाले समय में प्रस्तावित बोराविल-थाने ट्विन टनल (Borivali–Thane Twin Tunnel) के शुरू होने से इस इलाके की कनेक्टिविटी और बेहतर होने की उम्मीद है।
कांदिवली ईस्ट में तेजी से बढ़ रही प्रॉपर्टी कीमतें
रियल एस्टेट प्लेटफॉर्म Housing.com के आंकड़ों के मुताबिक, 2026 की पहली तिमाही में कांदिवली ईस्ट में औसत आवासीय संपत्ति की कीमत 23,312 रुपये प्रति वर्गफुट रही। यह पिछले साल की तुलना में 24.46 प्रतिशत अधिक है, जिससे इस क्षेत्र में मजबूत मांग का संकेत मिलता है।
देशभर में फैला है महिंद्रा लाइफस्पेस का कारोबार
महिंद्रा लाइफस्पेस का विकास पोर्टफोलियो सात भारतीय शहरों में फैला हुआ है। कंपनी के पास 5.365 करोड़ वर्गफुट से अधिक के पूर्ण, निर्माणाधीन और आगामी आवासीय प्रोजेक्ट हैं। इसके अलावा 5,000 एकड़ से अधिक क्षेत्र में इंटीग्रेटेड टाउनशिप और इंडस्ट्रियल क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं।
FY26 में बिक्री और प्री-सेल्स में शानदार बढ़ोतरी
कंपनी की FY26 में कुल समेकित बिक्री 4,118 करोड़ रुपये रही, जो सालाना आधार पर 25 प्रतिशत अधिक है। वहीं आवासीय प्री-सेल्स 3,405 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जिसमें 21.43 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
FY30 तक ₹9,500 करोड़ प्री-सेल्स का लक्ष्य
FY26 के अंत तक महिंद्रा लाइफस्पेस के कुल प्रोजेक्ट पोर्टफोलियो की GDV 45,180 करोड़ रुपये रही। कंपनी ने FY30 तक 9,500 करोड़ रुपये की प्री-सेल्स हासिल करने का लक्ष्य तय किया है।
