हरियाणा में ACB टीम की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते एएसआई को रंगे हाथ किया गिरफ्तार
Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए झज्जर जिले के थाना सिटी बहादुरगढ़ में तैनात एएसआई नवीन को 1.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एफआईआर नंबर 30, दिनांक 21.09.2026, धारा 7 पीसी एक्ट, थाना एसवी एंड एसीबी रोहतक में मामला दर्ज किया गया है।
क्या था मामला
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी शिकायत में बताया कि आरोपी एएसआई नवीन, जो थाना सिटी बहादुरगढ़ में जांच अधिकारी के पद पर तैनात था, ने शिकायतकर्ता से 3 लाख रुपये की अवैध रिश्वत की मांग की है। बाद में रिश्वत की राशि 1.50 लाख रुपये में तय हुई।आरोपी द्वारा यह रिश्वत शिकायतकर्ता की पत्नी अनु चहल, साली जन्नत तथा ससुर धर्मेंद्र का नाम एक आपराधिक मामले से हटाने की एवज में मांगी गई थी। संबंधित मामला एफआईआर नंबर 502, दिनांक 07.12.2024, धारा 406, 420 आईपीसी, थाना सिटी बहादुरगढ़ में शिकायतकर्ता की सास सुनीता चहल के खिलाफ दर्ज है।शिकायत प्राप्त होने के बाद एसवी एंड एसीबी की टीम ने नियमानुसार जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी एएसआई नवीन, नंबर 688/झज्जर, को 1,50,000 रुपये की रिश्वत राशि स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
यह ट्रैप कार्रवाई एसवी एंड एसीबी यूनिट झज्जर के नेतृत्व में की गई। हरियाणा पुलिस की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत रिश्वतखोरी में संलिप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई लगातार जारी है।