हरियाणा में ACB टीम की बड़ी कार्रवाई, सिंचाई विभाग के जेई व बेलदार को रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार

 | 
हरियाणा में ACB टीम की बड़ी कार्रवाई, सिंचाई विभाग के जेई व बेलदार को रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार

Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए सिंचाई विभाग, यमुनानगर के एक जूनियर इंजीनियर (JE) तथा एक बेलदार को ₹45,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस संबंध में एफआईआर संख्या 10, दिनांक 14.07.2026, थाना SV&ACB, पंचकूला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

क्या था मामला
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह सिंचाई विभाग में ठेकेदार के रूप में कार्य करता है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सिंचाई विभाग, यमुनानगर में कार्यरत जूनियर इंजीनियर सौरभ कुमार ने सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद उसके वैध ठेकेदार बिलों का भुगतान जानबूझकर लंबित रखा, ताकि उस पर रिश्वत देने का दबाव बनाया जा सके। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी जेई ने शिकायतकर्ता से टेलीफोन पर संपर्क कर स्वयं तथा अपने वरिष्ठ अधिकारियों के नाम पर रिश्वत की मांग की। रिश्वत की राशि लेने के लिए विभाग में कार्यरत बेलदार करमजीत को भेजा गया। करमजीत ने शिकायतकर्ता से ₹45,000 की रिश्वत प्राप्त कर उक्त राशि आरोपी जेई सौरभ कुमार को सौंप दी। इसी दौरान पहले से जाल बिछाकर बैठी भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने दोनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। ट्रैप की समस्त कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 105 के प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन करते हुए संपन्न की गई। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है तथा मामले की गहन जांच जारी है।
 
अपील
हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) प्रमुख ए एस चावला ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार पारदर्शी, जवाबदेह एवं भ्रष्टाचार-मुक्त प्रशासन के लिए वचनबद्ध है तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध आमजन का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि कोई भी सरकारी अधिकारी अथवा कर्मचारी किसी वैध सरकारी कार्य को करने, फाइल आगे बढ़ाने, भुगतान जारी करने, अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC), लाइसेंस, अनुमति, प्रमाण-पत्र अथवा किसी अन्य सरकारी सेवा के बदले रिश्वत की मांग करता है या किसी बिचौलिए के माध्यम से अवैध धनराशि की मांग कराता है, तो नागरिक बिना किसी भय या संकोच के इसकी सूचना तुरंत हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) के टोल फ्री नंबर 1800-180-2022 अथवा 1064 पर दें। शिकायतकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है तथा प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने और सुशासन को मजबूत बनाने में आमजन की जागरूकता एवं सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News