हरियाणा में ACB टीम की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते पटवारी के निजी सहायक को रंगे हाथ किया गिरफ्तार

 | 
हरियाणा में ACB टीम की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते पटवारी के निजी सहायक को रंगे हाथ किया गिरफ्तार

Udaipur Times, Haryana news : चंडीगढ़/पलवल, 16 अक्टूबर 2026। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की  भ्रष्टाचार के प्रति ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने पलवल में कार्रवाई करते हुए हल्का पटवारी के निजी सहायक यादराम को 3,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शिकायतकर्ता के रजिस्ट्री दस्तावेजों को राजस्व रिकॉर्ड में ऑनलाइन दर्ज करने के एवज में हल्का पटवारी प्रवेश की ओर से रिश्वत मांगने का आरोप है। मामले में संबंधित हल्का पटवारी प्रवेश फरार है।

- *राजस्व रिकॉर्ड में रजिस्ट्री दर्ज करने के बदले मांगी थी रिश्वत*

शिकायतकर्ता ने एसीबी को शिकायत दी थी कि उसकी रजिस्ट्री के दस्तावेज राजस्व रिकॉर्ड में ऑनलाइन दर्ज करने के एवज में हल्का पटवारी प्रवेश का निजी सहायक यदराम उससे रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत के अनुसार, आरोपी यादराम पहले भी शिकायतकर्ता से 7,000 रुपये रिश्वत के रूप में ले चुका था। इसके बाद उसने हल्का पटवारी प्रवेश की ओर से 3,000 रुपये की अतिरिक्त रिश्वत की मांग की।

- *3,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा*

शिकायत प्राप्त होने के बाद एसीबी पलवल की टीम ने मामले का नियमानुसार सत्यापन कर ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान निजी सहायक यदराम को शिकायतकर्ता से 3,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में हल्का पटवारी प्रवेश की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, आरोपी हल्का पटवारी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।

- *राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में हुई कार्रवाई*

यह ट्रैप कार्रवाई राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, यूनिट पलवल के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई के दौरान राजपत्रित गवाहों की उपस्थिति में की गई। आरोपियों के खिलाफ अभियोग संख्या 24, दिनांक 16 अक्टूबर 2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 एवं 7ए के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया है। ट्रैप कार्रवाई के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया। मामले में आगामी जांच जारी है।

- *भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायत के लिए एसीबी से संपर्क करें*

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी, कर्मचारी या उसकी ओर से कार्य करने वाला निजी व्यक्ति किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें। भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 अथवा 1800-180-2022 पर दी जा सकती है। इसके अतिरिक्त, व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 94178-91064 पर भी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News