हरियाणा में ACB टीम की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते STF का सब-इंस्पेक्टर रंगे हाथ गिरफ्तार
Udaipur Times, Haryana news : राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पेशल टास्क फोर्स (STF), अंबाला में तैनात सब-इंस्पेक्टर रोहित रोहिल्ला को ₹50,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
क्या था मामला
शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को शिकायत दी थी कि आरोपी सब-इंस्पेक्टर उसके विरुद्ध प्राप्त शिकायत पर एफआईआर दर्ज न करने की एवज में ₹50,000 की रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत का सत्यापन करने के उपरांत ब्यूरो ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप आयोजित किया। यह कार्रवाई राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, सिरसा इकाई द्वारा पूरी पारदर्शिता बरतते हुए की गई।
टीम द्वारा आरोपी को रिश्वत की राशि स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया| इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, अंबाला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत एफआईआर संख्या 11 दिनांक 27.06.2026 दर्ज की गई है। ट्रैप की कार्रवाई के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के प्रावधानों का विधिवत पालन किया गया।
मामले की गहन जांच जारी है तथा जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अपील-
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो आमजन से अपील करता है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी, कर्मचारी अथवा उसके माध्यम से कार्य करने वाला कोई व्यक्ति किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी शिकायत तुरंत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से करें।
शिकायतकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है तथा प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। भ्रष्टाचार के विरुद्ध आपकी एक शिकायत न केवल दोषियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचा सकती है, बल्कि एक स्वच्छ, पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।
