हरियाणा में खाद्य आपूर्ति विभाग की बड़ी कार्रवाई, दुकानदारों में मचा हड़कंप
Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा के झज्जर में घरेलू गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी और व्यावसायिक इस्तेमाल की शिकायतों पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मिली जानकारी के अनुसार, विभाग की टीम ने झज्जर शहर और सिलानी गांव में कई दुकानों पर छापेमारी की। विभाग की इस कार्रवाई के दौरान टीम ने 20 घरेलू गैस सिलेंडर और 7 कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए।
जैसा की बताया जा रहा है विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ स्थानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री के साथ-साथ उनका व्यावसायिक कार्यों में इस्तेमाल किया जा रहा है। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग की टीम ने छापेमारी की। टीम के पहुंचते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध बिक्री को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी अभियान में इंस्पेक्टर अजय राठी, रंजन यादव, अजय और उप निरीक्षक रितु कुमारी सहित विभाग की टीम शामिल रही।
खाद्य आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर रंजन यादव ने बताया कि विभाग को घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री और व्यावसायिक इस्तेमाल की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर झज्जर शहर और सिलानी गांव में छापेमारी की गई।
