हरियाणा में ACB टीम की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत मामले में बिचौलिया रंगे हाथों गिरफ्तार
Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा के करनाल ACB (एंटी करप्शन ब्यूरो) की टीम ने रिश्वत मामले में बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को टोहाना शहर थाना के बाहर जाल बिछाकर एक बिचौलिए को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते ACB की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान उकलाना क्षेत्र के गांव कलर भैणी निवासी क्रितपाल के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, 11 दिसंबर 2025 को टोहाना पुलिस ने 7 ग्राम हेरोइन के साथ एक आरोपी को पकड़ा था, जिसमें बिठमड़ा निवासी जगजीत सिंह का नाम भी आरोपी के रूप में शामिल किया गया था। आरोपी बिचौलिया क्रितपाल ने जगजीत से NDPS मामले से उसका नाम कटवाने के एवज में 5 लाख रुपये की डील की थी।
शिकायतकर्ता जगजीत ने बताया की बिचौलिया उससे 4.5 लाख रुपये पहले ही ले चुका था और बाकी के 50 हजार रुपये शुक्रवार को टोहाना थाना के बाहर मांगे गए थे।
जगजीत की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए ACB टीम के इंचार्ज अरविंद कुमार के नेतृत्व में टीम ने 50 हजार रुपये के नोटों पर केमिकल लगाकर शिकायतकर्ता को दिया। जैसे ही बिचौलिए क्रितपाल ने पैसे लिए, ACB टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
