हरियाणा में सोलर सिस्टम के मामले में कर्मचारी पर बड़ा एक्शन, बिल भरपाई के दिए निर्देश
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री श्री राजेश नागर की अध्यक्षता में भिवानी में जिला लोकसंपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में 13 परिवादों की सुनवाई की गई, जिनमें से 9 का मौके पर ही निपटारा किया गया।
मंत्री ने अधिकारियों को नागरिकों की बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई करें।
बैठक में पेयजल आपूर्ति का समय बढ़ाने, बिजली मीटर लगाने तथा जमीन की तकसीम से संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सोलर सिस्टम से संबंधित एक मामले में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारी से बिजली बिल की भरपाई करवाने के निर्देश दिए गए। वहीं बिजली बिल के एक अन्य मामले में सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के अनुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
ध्वनि प्रदूषण से संबंधित शिकायत पर विधायक को मध्यस्थता करने, निजी अस्पताल में हुई मृत्यु के मामले में पुलिस को गहनता से जांच कर त्वरित कार्रवाई करने तथा जलभराव के दौरान बिजली कनेक्शन से संबंधित मामले में तहसीलदार को मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
विकास कार्यों में अनियमितता से संबंधित मामले में निर्माण सामग्री के सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त होते ही उचित कार्रवाई करने तथा एक अन्य मामले में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कुछ अन्य परिवादों के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि उनका निपटारा किया जा चुका है।
बैठक में भिवानी विधायक श्री घनश्याम सर्राफ, बवानीखेड़ा विधायक श्री कपूर सिंह वाल्मीकि, उपायुक्त श्री साहिल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा, एडीसी श्री दीपक बाबूलाल करवा, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री विरेन्द्र कौशिक सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।