हरियाणा की राजनीति में हुआ बड़ा फेरबदल, पूर्व पार्षदों समेत कई नेता BJP में हुए शामिल
Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा के झज्जर की राजनीति में बड़ा फेरबदल सामने आया है। कांग्रेस को उस समय बड़ा झटका लगा, जब दो बार के पूर्व पार्षद महावीर गुर्जर, उनके छोटे भाई रोशन गुर्जर, महावीर के पुत्र और मौजूदा पार्षद टिंकी गुर्जर तथा पार्षद नरेश उर्फ आलू वाल्मीकि ने कांग्रेस छोड़कर BJP का दामन थाम लिया।
इन सभी नेताओं को भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने पार्टी का पटका पहनाकर भाजपा की सदस्यता दिलाई।
मिली जानकारी के अनुसार, BJP में शामिल होने के बाद पूर्व पार्षद महावीर गुर्जर ने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि झज्जर की विधायक गीता भुक्कल और रोहतक लोकसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के फोन तक नहीं उठाए जाते। सरकार में नहीं होने के बावजूद कांग्रेस नेताओं में अहंकार दिखाई देता है।
जैसा की बताया जा रहा है उन्होंने कहा कि पार्टी में कार्यकर्ताओं को यह तक नहीं पता कि वे किसके लिए काम करें। कांग्रेस पूरी तरह गुटबाजी में बंट चुकी है। यदि कोई कार्यकर्ता हुड्डा गुट के अलावा किसी अन्य नेता से संपर्क करता है, तो उस पर भी नाराजगी जताई जाती है।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि भाजपा गरीब, किसान, मजदूर, युवा और समाज के हर वर्ग की पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं के सम्मान और संगठन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने सभी नए साथियों का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके जुड़ने से संगठन और मजबूत होगा।
जानकारी के मुताबिक, गुर्जर परिवार के प्रभावशाली नेताओं और नगर परिषद से जुड़े जनप्रतिनिधियों के एक साथ भाजपा में शामिल होने से झज्जर की राजनीति में नई हलचल तेज हो गई है। इसे कांग्रेस के लिए बड़ा राजनीतिक झटका और भाजपा के लिए संगठनात्मक मजबूती के रूप में देखा जा रहा है।
