इन आसान तरीकों से मिनटों में चमकाएं पानी की टंकी, समय और मेहनत दोनों की होगी बचत
Udaipur Times, Water Tank Cleaning Tips : पानी की टंकी को साफ करना सबसे मुश्किल काम माना जाता है। छत पर चढ़ना, टंकी खाली करना, अंदर जमी काई और गंदगी को रगड़-रगड़कर साफ करना बहुत ही मेहनत भरा काम होता है। यही वजह है कि जल्दी कोई भी पानी की टंकी साफ नहीं करना चाहता है। लेकिन आज हम कुछ आसान टिप्स बताने जा रहे हैं जिनसे आप मिनटों में अपने पानी की टंकी को चमका सकते हैं। ना ज्यादा मेहनत लगेगी और साथ में समय की भी बचत होगी।
टंकी की सफाई करने से पहले कर लें ये तैयारी
टंकी की सफाई करने से पहले कुछ जरूरी काम पहले ही कर लेना चाहिए। सबसे पहले तो मोटर या जो भी आपके घर में मुख्य जल आपूर्ति है उसको बंद कर दें ताकि सफाई के दौरान टंकी में नया पानी न भर सके। इसके बाद में फिर टंकी का बचा हुआ पानी आउटलेट वाल्व के जरिए पूरी तरह निकाल दें। जब टंकी में थोड़ा सा पानी बचे तभी सफाई करना शुरू करें। याद रखें कि टंकी की सफाई के दौरान दस्ताने पहनने और सुरक्षित सीढ़ी का उपयोग करें। इससे दुर्घटना की संभावना कम होती है और काम आसानी से पूरा हो जाता है।
ब्लीचिंग पाउडर का इस्तेमाल करना सबसे बेहतरीन विकल्प
बिना रगड़े टंकी के बैक्टीरिया और काई को साफ करने के लिए ब्लीचिंग पाउडर सबसे बेहतरीन विकल्प है। आप टंकी में थोड़े से पानी के साथ 4 से 5 चम्मच ब्लीचिंग पाउडर मिलाकर एक गाढ़ा घोल तैयार कर लें। फिर एक अब एक लंबे डंडे वाले ब्रश की मदद से इस घोल को टंकी की दीवारों और तली पर अच्छी तरह लगा दें। इस घोल को लगाने के बाद कम से कम 30 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें। ब्लीचिंग पाउडर का यह घोल अपने आप टंकी की सारी गंदगी और बैक्टीरिया को ढीला कर देगा। आधे घंटे बाद टंकी को पानी से धो ले। सारी काई बह जाएगी और टंकी काफी हद तक साफ हो जाएगी।
बैंकिग सोडा और नींबू का इस्तेमाल
यदि टंकी में बहुत ज्यादा दाग हैं तो बैंकिंग सोडा और नींबू का इस्तेमाल करें। सबसे पहले एक कटोरी में बेकिंग सोडा लें और उसमें 2 से 3 नींबू का रस मिलाकर पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को टंकी के दाग-धब्बों वाली जगह पर लगाकर 20 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद एक हल्के स्क्रबर से इसे साफ करें। टंकी साफ हो जाएगी।
बदबू और काई को हटाने के लिए वाइट विनेगर का करें इस्तेमाल
यदि टंकी के पानी में बदबू आ रही है तो आप वाइट विनेगर का इस्तेमाल कर सकते हैं। टंकी को खाली करने के बाद उसमें 2 से 3 कप वाइट विनेगर डाल दें और एक लंबे ब्रश से दीवारों पर फैला दें। विनेगर न केवल काई और बैक्टीरिया को मारता है, बल्कि टंकी के अंदर की दुर्गंध को भी पूरी तरह खत्म कर देता है। इसे लगाने के 15 मिनट बाद टंकी को तेज पानी के प्रेशर से धो लें।
फिटकरी हटाएगी गंदगी
यदि टंकी में मिट्टी या गाद ज्यादा जमा हो गई है तो फिटकरी का उपयोग किया जा सकता है। थोड़े पानी में दो से तीन बड़े टुकड़े फिटकरी डाल दें और कुछ घंटे के लिए छोड़ दें। फिटकरी पानी में मौजूद छोटे कणों को आपस में जोड़कर नीचे बैठाने में मदद करती है। इसके बाद तल में जमा गंदगी को पाइप या ड्रेनेज के जरिए आसानी से बाहर निकाला जा सकता है।
