उरी आतंकी हमले में शहीद निम्ब सिंह रावत की पार्थिव देह डबोक एयरपोर्ट पर लाई गई
उरी में आतंकी हमले में शहीद राजसमंद जिले के भीम के राजवा गांव निवासी बिहार रेजिमेंट में हवलदार निंबसिंह रावत (48) शहीद हो गए। उनकी पार्थिव देह सोमवार शाम डबोक एयरपोर्ट पर लाई गई।
उरी में आतंकी हमले में शहीद राजसमंद जिले के भीम के राजवा गांव निवासी बिहार रेजिमेंट में हवलदार निंबसिंह रावत (48) शहीद हो गए। उनकी पार्थिव देह सोमवार शाम डबोक एयरपोर्ट पर लाई गई। शहीद के भाई रासू सिंह रावत और रिश्तेदार उनके शव से लिपटकर रो पड़े। यहां से शव एंबुलेंस में भीम के लिए रवाना किया गया।
शहीद निम्ब सिंह रावत 1993 से सेना में थे। पिछले महीने रक्षाबंधन से पहले एक माह की छुट्टी पर गांव राजवा आए थे। रक्षाबंधन से पहले ही 10 अगस्त को ड्यूटी पर चले गए। निम्ब सिंह को 20 दिन पहले ही उरी में ड्यूटी पर तैनात किया था। इससे पूर्व वे बांग्लादेश-आसाम बॉर्डर पर न्यू जलपाईगुड़ी में तैनात थे।

एयरपोर्ट पर उदयपुर कलेक्टर रोहित गुप्ता, उदयपुर नगर निगम के मेयर चंद्रसिंह कोठारी सहित पुलिस के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों समेत आसपास की पंचायतों के कई लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। डबोक एयरपोर्ट के बाद टोल नाका पर धुणीमाता और आसपास की पंचायतों के ग्रामीणों ने फूल चढ़ाए। मावली चौराहा, गायरियावास सहित रास्ते में जगह-जगह हजारों लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इससे पहले एयरपोर्ट पर एकलिंगगढ़ छावनी के सैन्य अधिकारियों, सीआईएसएफ के जवानों ने भी सलामी दी। निम्ब सिंह का शव डबोक से मावली, नाथद्वारा, राजसमंद, केलवा, भीम होते हुए गांव राजवा ले जाया गया। शहीद का अंतिम संस्कार मंगलवार सुबह राजवा में किया जाएगा।