हरियाणा में यहां बनेगा 108 एकड़ में मेगा इंडस्ट्रियल पार्क, 304 करोड़ से मिलेगी आधुनिक सुविधाएं
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा के अंबाला वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। हरियाणा सरकार ने औद्योगिक निवेश को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए केंद्र सरकार की भारत औद्योगिक विकास योजना (भाव्या) के तहत आईएमटी अंबाला में विश्वस्तरीय औद्योगिक पार्क स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई राज्य स्तरीय समिति (एसएलसी) की बैठक में प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। अब इसे अंतिम मंजूरी के लिए केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डा. अमित कुमार अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
एचएसआईआईडीसी के आईएमटी अंबाला में 108.58 एकड़ क्षेत्र में लगभग 304.10 करोड़ रुपये की लागत से प्लग-एंड-प्ले औद्योगिक पार्क विकसित किया जाएगा। बैठक में परियोजना के तकनीकी, वित्तीय और आधारभूत ढांचे की विस्तृत समीक्षा की गई। डा. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि परियोजना भाव्या योजना की सभी अनिवार्य पात्रता शर्तों को पूरा करती है।
निर्बाध एवं विवादमुक्त भूमि, मजबूत मल्टीमाडल कनेक्टिविटी और शीघ्र क्रियान्वयन की क्षमता शामिल है। डा. अमित कुमार अग्रवाल के अनुसार पार्क में 256 औद्योगिक भूखंड, 15 तैयार फैक्टरी शेड, वेयरहाउस, कामन फैसिलिटी सेंटर, श्रमिक आवास, कौशल विकास केंद्र, बिजली एवं जलापूर्ति नेटवर्क, जल शोधन संयंत्र, कामन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (सीईटीपी), आंतरिक सड़कें और व्यापक हरित क्षेत्र विकसित किए जाएंगे, जिससे उद्योगों को तैयार बुनियादी ढांचा उपलब्ध होगा।
बैठक में परियोजना के क्रियान्वयन माडल पर भी सहमति बनी। परियोजना का विकास एनआईसीडीसी हरियाणा मल्टीमाडल लाजिस्टिक हब प्रोजेक्ट लिमिटेड (एसपीवी) के माध्यम से भाव्या योजना के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि प्रस्तावित औद्योगिक पार्क उत्तरी हरियाणा में औद्योगिक निवेश, विनिर्माण विस्तार, लॉजिस्टिक्स विकास और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन का नया केंद्र बनेगा।
