563 करोड़ में यहां बनेगा मेगा जलाशय, 50 गांवों की बदलेगी तस्वीर ! नहीं रहेगी पानी की कमी
Udaipur Times, Thavari Reservoir Project : मध्यप्रदेश में सिंचाई क्षमता बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार लगातार बड़े पैमाने पर योजनाओं पर काम कर रही है। वर्तमान में मध्य प्रदेश में लगभग 65 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित की जा चुकी है और सरकार का लक्ष्य 2028 तक इसे बढ़ाकर 100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाने का है। इसके लिए नदियों पर बड़े बांध, छोटे डैम और जलाशयों का तेजी से निर्माण किया जा रहा है। सरकार का कहना है कि सिंचाई क्षेत्र बढ़ने से किसानों की आय में सुधार होगा और राज्य कृषि उत्पादन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों की प्राप्ति होगी।
सागर जिले में 563 करोड़ की नई जलाशय परियोजना को मंजूरी
सागर जिले में पहले से ही लगभग 2 लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई के लिए तीन बड़ी और आठ छोटी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इसी क्रम में अब 563 करोड़ रुपये की एक नई जलाशय परियोजना को मंजूरी दी गई है। यह परियोजना अगले चार सालों में पूरी होने की संभावना है। इसके तहत करीब 50 हजार एकड़ भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी और लगभग 100 गांवों को पेयजल की समस्या से राहत मिलेगी। फिलहाल इसकी फाइनल डीपीआर (DPR) तैयार की जा रही है और जल निगम द्वारा इसके निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।
थावरी गांव में बनेगा जलाशय, 50 गांवों को होगा सीधा फायदा
यह जलाशय सागर जिले के केसली क्षेत्र के थावरी गांव में बनाया जाएगा। तीन तरफ से पहाड़ियों से घिरा यह इलाका जलाशय निर्माण के लिए उपयुक्त माना गया है। इस परियोजना से आसपास के लगभग 50 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। क्षेत्र की आबादी का बड़ा हिस्सा आदिवासी समुदाय से जुड़ा है, जहां आजीविका मुख्य रूप से खेती और मजदूरी पर निर्भर है।
खेती में आएगा बड़ा बदलाव, किसानों को मिलेगा फायदा
जलाशय बनने के बाद क्षेत्र में सिंचाई की स्थिति में बड़ा सुधार होगा। किसान रबी सीजन के साथ-साथ जायद सीजन में भी खेती कर सकेंगे। इससे सब्जियों, फल और कमर्शियल फसलों की खेती को बढ़ावा मिलेगा। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि सिंचाई सुविधा बढ़ने से किसान पारंपरिक फसलों से आगे बढ़कर अधिक लाभ देने वाली फसलों की ओर रुख कर सकेंगे, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।
