पारा गिरकर 8.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा

लेकसिटी में दोपहर को फिलहाल धूप राहत दे रही है
 | 
winters, temperature, cold waves

उदयपुर,15 दिसंबर। जैसे-जैसे दिसंबर का अंत आता जा रहा है, वैसे-वैसे सर्दी बढ़ने का अहसास होने लगा है। प्रदेश के कई स्थानों पर कड़ाके की सर्दी पड़ने लगी है। लेकसिटी में दोपहर को फिलहाल धूप राहत दे रही है। लेकिन रात तक सर्दी हावी हो जाती है। कुछ दिनों से रात का पारा जो 10 डिग्री पर आ गया था, वो बुधवार रात और गिरकर 8.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

मौसम केंद्र डबोक के अनुसार, अधिकतम तापमान 25 डिग्री से. दर्ज किया गया। इसमें 0.4 क डिग्री से. की गिरावट हुई। वहीं, न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री से गिरकर 8.9 डिग्री दर्ज किया गया। इसमें 1.3 डिग्री की गिरावट हुई।

ये इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा और अब तक की सबसे ठंडी रात रही। मौसम विभाग की मानें तो आगामी दिनों में सर्दी धूजणी छुड़ा सकती है। लेकसिटी में गुरुवार को सुबह से दोपहर तक 'तेज धूप खिली रही। जिससे लोगों को सर्दी से राहत रही। वहीं, शाम ढलते ही सर्दी का असर बढ़ गया। रात में घरों से बाहर निकलने वाले सर्दी से बचने के इंतजाम के साथ निकले। 

सर्दी बढ़ेगी, मावठ की संभावना नहीं

मौसम विभाग के अनुसार 16 दिसंबर से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। ऐसा होने पर उत्तर भारत के साथ राजस्थान के कई क्षेत्रों में सर्दी अधिक तेज हो सकती है। वैसे प्रदेश में भी मौसम विभाग की ओर से न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव आने की संभावना नहीं जताई है। मौसम शुष्क रहेगा। मावठ होने की संभावना नहीं है। - हालांकि कुछ जगहों पर सर्दी के कारण कोहरा छा सकता है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News