घग्घर नदी किनारे बाढ़ आपदा प्रबंधन को लेकर मॉक एक्सरसाइज, सभी विभागों ने किया संयुक्त अभ्यास
Udaipur Times, सिरसा : जिला प्रशासन द्वारा शुक्रवार को घग्घर नदी के किनारे गांव झोरड़ नाली के पास बाढ़ आपदा प्रबंधन को लेकर मॉक एक्सरसाइज आयोजित की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों की टीमों ने आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अभ्यास किया।
जिला राजस्व अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि मॉक एक्सरसाइज के लिए ऐसा परिदृश्य तैयार किया गया, जिसमें घग्घर नदी के एक हिस्से पर कटाव होने से एक व्यक्ति पानी में गिर जाता है। इस स्थिति में सबसे पहले व्यक्ति का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया तथा कटाव वाले स्थान पर मिट्टी डालकर स्थिति को नियंत्रित करने का अभ्यास किया गया। घायल व्यक्ति को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। साथ ही एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य का अभ्यास किया।
उन्होंने बताया कि मानसून के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। आमजन को बाढ़ से बचाव एवं सुरक्षा उपायों के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। घग्घर नदी के जलस्तर की प्रतिदिन निगरानी की जा रही है तथा पीछे के क्षेत्रों में भी जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में घग्घर नदी में अधिक पानी नहीं है और सिरसा जिले में बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है।
उन्होंने कहा कि इस मॉक एक्सरसाइज का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों की तैयारियों का परीक्षण करना तथा किसी भी संभावित बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करना है, ताकि किसी भी आपात स्थिति का समय रहते सफलतापूर्वक सामना किया जा सके।
इस मौके पर डीएसपी सुभाष चंद्र, एनडीआरएफ के अधिकारी मेजर विशाल सागर, तहसीलदार प्रदीप अहलावत, एसडीओ सिंचाई विभाग रविंद्र, एसएमओ डा. ओम प्रकाश, सरपंच विजय कुमार, नंबरदार बलदेव सिंह, होमगार्ड से राजेश कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
