हरियाणा में इस तर्ज पर बनेंगे आधुनिक पार्क और मल्टीलेवल पार्किंग, निगम ने ली पूरी जानकारी
Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा के यमुनानगर शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम अब गुरुग्राम और नोएडा के मॉडल की तर्ज पर काम करेगा। निगम इस मॉडल के साथ-साथ शहर में पार्किंग की समस्या दूर करने के लिए तैयारी कर रहा है। जानकारी के मुताबिक, मेयर सुमन बहमनी ने अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, अधिकारियों और पार्षदों के साथ इन शहरों का दौरा कर वहां की आधुनिक परियोजनाओं को जाना।
इस दौरान टीम ने देखा कि बड़े शहर सीमित जगह का इस्तेमाल कर बेहतर सुविधाएं विकसित कर रहे हैं। इसके अलावा दौरे में सबसे ज्यादा जोर मल्टीलेवल पार्किंग और वेस्ट से बेस्ट जैसी परियोजनाओं पर रहा। गुरुग्राम में टीम ने निर्माणाधीन नगर निगम भवन, स्वीमिंग पूल, मल्टीलेवल पार्किंग और वंडर पार्क का निरीक्षण किया।
मिली जानकारी के अनुसार, निगम की टीम ने नोएडा में जंगल पार्क में वेस्ट सामग्री से तैयार हाथी, ऊंट, घोड़े और अन्य जंगली पशुओं की आकृतियों को देखकर वेस्ट से बेस्ट की अवधारणा को समझा।
वही दूसरी और गुरुग्राम में मल्टीलेवल पार्किंग देखकर निगम की टीम ने यह समझने का प्रयास किया कि कम जमीन में अधिक वाहनों की पार्किंग किस तरह बनाई जा सकती है। जिससे यमुनानगर-जगाधरी में भी बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पार्किंग की समस्या का समाधान हो सके। मेयर ने पार्किंग की डिजाइन, क्षमता और निर्माण प्रक्रिया की जानकारी ली।
वहीं गुरुग्राम के वंडर पार्क में आकर्षक कलाकृतियों और मनोरंजन की सुविधाओं का जायजा लिया गया। निगम की टीम ने यह भी देखा कि पार्क को केवल हरियाली तक सीमित रखने के बजाय उसे बच्चों और परिवारों के लिए आकर्षण का केंद्र कैसे बनाया जा सकता है।
निगम की टीम के लिए नोएडा के जंगल पार्क में वेस्ट सामग्री से तैयार कलाकृतियां खास आकर्षण का केंद्र रहीं। इससे एक ओर पार्क की सुंदरता बढ़ी तो दूसरी ओर कचरे को उपयोगी और आकर्षक रूप देने का संदेश भी दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मेयर ने कहा कि यमुनानगर-जगाधरी में भी ऐसी परियोजनाएं विकसित होने से पार्कों को नया रूप देने के साथ शहर में वेस्ट मैटेरियल के बेहतर इस्तेमाल का मॉडल तैयार किया जा सकता है।